जयंती पर आयोजित गोष्ठी में सामाजिक समरसता, भक्ति और समानता के संदेश पर हुई चर्चा
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, सदर चुंगी अल्फस्टीनगंज में सोमवार को आदिकवि महर्षि वाल्मीकि और संत शिरोमणि नामदेव महाराज की जयंती मनाई गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके विचारों और समाज सुधार में योगदान को याद करते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता के महत्व पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्याम बहादुर पाल ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। श्याम बहादुर पाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण भारतीय साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। वहीं, संत नामदेव महाराज ने अपनी भक्ति और वाणी के माध्यम से प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सम्मान के साथ रहने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के सम्मान के लिए उनके विचारों को जीवन में अपनाना जरूरी है। जयंती मनाने का उद्देश्य केवल महापुरुषों को याद करना नहीं, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में सद्भाव और समानता को मजबूत करना भी है।
गोष्ठी में वरिष्ठ नेता रुखसार अहमद, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव हरिश्चंद्र प्रभाकर और महिला सभा की प्रदेश सचिव ऊषा जायसवाल ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर पूनम मौर्य, जिला सचिव अजय मौर्य, दीपक आर. विश्वकर्मा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवर उल हक गुड्डू, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरशद कुरैशी, नगर अध्यक्ष कमालुद्दीन अंसारी, सोनी यादव, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष अशफाक मंसूरी, रवि यादव, पूनम यादव, सोनी सेठ, वंदना यादव, वंदना श्रीवास्तव, पिंकी गुप्ता, अकरम मंसूरी, राजा नवाब, ईशान यादव, मोहम्मद आसिफ, कोमल यादव और धर्मेंद्र सोनकर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















