खेतासराय के गोरारी गांव स्थित रामजानकी मंदिर में वारदात, सीसीटीवी कैमरे की मेमोरी भी ले गए चोर
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी गांव स्थित रामजानकी ठाकुरजी महाराज मंदिर में शनिवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर का ताला तोड़कर चोर देवी प्रतिमाओं के आभूषण और नवरात्र के दौरान चढ़ाए गए चढ़ावे से भरी दानपेटी उठा ले गए। घटना के दौरान चोर गर्भगृह में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उसकी मेमोरी सहित उखाड़ ले गए।
रविवार भोर में घटना की जानकारी होने पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। सीसीटीवी कैमरे और उसकी मेमोरी गायब होने के कारण जांच में क्या जानकारी सामने आती है, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


















