लाइन बाजार थाना क्षेत्र के टीबी अस्पताल रोड स्थित आराजी बाबूपुर की घटना, पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए भेजा
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के आराजी बाबूपुर स्थित टीबी अस्पताल रोड पर सोमवार सुबह विवादित मकान की सफाई और मरम्मत को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान पर पहले से कब्जे में रहे एक पक्ष के लोग सोमवार सुबह साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान दूसरा पक्ष मौके पर पहुंच गया। सफाई और मरम्मत को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने की बात सामने आई है।
घटना में एक पक्ष के रवि सिंह (38), पुत्र रामजी सिंह, आयुष सिंह (25), पुत्र रामनरेश, सावित्री देवी (55), पत्नी कांता प्रसाद और अजय कुमार (28), पुत्र गिरजा प्रसाद घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के अभिमन्यु सिंह (लगभग 45) और उनके पुत्र आदित्य सिंह को भी चोटें आईं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मामले में पहले पक्ष की ओर से दावा किया गया है कि विवाद के संबंध में उच्चाधिकारियों को पहले भी कई प्रार्थना पत्र दिए गए हैं और मामले की जांच चल रही है। फिलहाल, मकान को लेकर चल रहे विवाद और मारपीट के पूरे घटनाक्रम के संबंध में संबंधित पक्षों के दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


















