मंदिरों में हुआ वाल्मीकि रामायण का पाठ, भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
जौनपुर। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को जिले की विभिन्न तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासन के निर्देश पर मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान और वाल्मीकि रामायण पाठ हुआ। स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन दर्शन, भगवान श्रीराम के आदर्शों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर जनपद के विभिन्न मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की। संबंधित उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शहर से गांवों तक हुए धार्मिक आयोजन
शीतला चौकिया परिसर स्थित हनुमान मंदिर, छोटी काशी, शकरमंडी चुंगी के पास स्थित हनुमान मंदिर, रामजानकी मंदिर अहियापुर, मैहर देवी स्थित राम मंदिर एवं हनुमान मंदिर और मड़ियाहूं के रामजानकी मंदिर सहित तिलौरा, मुबारकपुर, सरोखनपुर और ठाकुर द्वारा में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन स्थानों पर कलाकारों ने वाल्मीकि रामायण का पाठ किया और भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।
कलाकारों ने दीं भक्ति प्रस्तुतियां
कार्यक्रमों में राहुल पाठक, विजय बहादुर यादव, अजय यादव, आशुतोष यादव, अभिषेक निषाद (मयंक), जगदीश यादव, अशोक कुमार यादव, राम अभिलाख, चंदन निषाद एंड पार्टी और योगेंद्र नाथ चौबे सहित विभिन्न कलाकारों ने सहभागिता की।
नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से मंदिर परिसरों में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में सद्भाव, नैतिक मूल्यों और भगवान श्रीराम के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुए आयोजनों से श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।


















