जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार रात गोलीकांड से हड़कंप मच गया। दुर्गा माता मंदिर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर कार सवार हमलावरों ने एक युवक पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बबरखा गांव निवासी विपिन यादव उर्फ मखान्छु (35) पुत्र मेहीलाल यादव अपने साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से करंजाकला बाजार पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह दुर्गा माता मंदिर के सामने पहुंचा, तभी थार और स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। एक गोली विपिन के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद उसके साथियों ने घायल विपिन को उसी वाहन से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वारदात के बाद थार सवार आरोपी जौनपुर की ओर, जबकि स्कॉर्पियो सवार लोग मल्हनी की तरफ फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
बताया जा रहा है कि घायल विपिन यादव पूर्व में एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका है और कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया था। हालांकि, गोलीकांड की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

















