जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार सुबह अपने विधानसभा क्षेत्र के नगरीय इलाके में दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। दोनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत ₹3.29 करोड़ बताई गई है।
शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में भंडारी शीतला चौकिया मार्ग से लखनपुर होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क चौड़ीकरण कार्य शामिल है। इस परियोजना पर लगभग ₹3.17 करोड़ की लागत आएगी। सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा मोहल्ला मियापुर में रणजीत सिंह के मकान से टोला मौर्या होते हुए राम लखन बिंद के मकान तक इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर ₹12.36 लाख की लागत खर्च की जाएगी। इससे स्थानीय निवासियों को जलनिकासी और सड़क सुविधा में राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, नाली और अन्य जनहित की परियोजनाओं के माध्यम से जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
















