जौनपुर। जनपद के खुटहन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वच्छता अभियान की पोल खुलती नजर आ रही है। अस्पताल परिसर के भीतर और बाहर फैली गंदगी, खुले में फेंका गया मेडिकल कचरा तथा बदहाल शौचालय स्वास्थ्य विभाग के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
अस्पताल परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिनमें इस्तेमाल की गई दवाओं के डिब्बे, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य अपशिष्ट खुले में बिखरे पड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि परिसर के भीतर बायोमेडिकल वेस्ट से जुड़े पीले बैग और कचरा भी खुले स्थान पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। दीवारों पर स्वच्छता संदेश लिखे होने के बावजूद उन्हीं के नीचे गंदगी और झाड़ियों का जमावड़ा लगा है।
दूसरी ओर, अस्पताल के शौचालयों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। पुरुष शौचालय के दरवाजे पर 'अंडर मेंटेनेंस' का पोस्टर चस्पा कर उसे बंद रखा गया है, जबकि महिला शौचालय के फर्श पर भारी गंदगी और कीचड़ जमा है। वॉशबेसिन के नीचे गंदा पानी फैला होने और बदबू के कारण मरीजों व तीमारदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस सिलसिले में आरिफ खान से बात करने पर उन्होंने बताया कि वे इस समय प्राइवेट सफाई कर्मी के माध्यम से काम करा रहे हैं और सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था को लेकर सीएमओ से बात करने आए हैं। हालांकि, जमीनी हकीकत उनके दावों के बिल्कुल विपरीत है; मौके पर अस्पताल में किसी भी प्रकार की सफाई नजर नहीं आती और पूरे परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन में गंदगी का अंबार, शौचालयों की बदहाली से मरीज बेहाल
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

















