जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने और संवेदनशील बूथों को चिह्नित करने को कहा
जौनपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ काम करने और सभी तैयारियां समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों की स्थिति, वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशीलता का आकलन करने को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विशेष रूप से वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए, जिससे निर्वाचन के दौरान संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन कर जरूरी इंतजाम किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निरीक्षण के बाद निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। जिला प्रशासन विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में जुटा है।

















