Home राष्ट्रीय SIR में हटाए गए वोटरों की अपीलों को तवज्जो दें: SC ने...

SIR में हटाए गए वोटरों की अपीलों को तवज्जो दें: SC ने ट्रिब्यूनलों से कहा- नाम जोड़ने वाली अपीलें टालें

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के SIR के बाद नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों पर अपीलीय ट्रिब्यूनलों को प्राथमिकता से सुनवाई करने को कहा है। सीजेआई सूर्यकांत की पीठ ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने के खिलाफ अपीलों में फिलहाल कोई जल्दबाज़ी की ज़रूरत नहीं है। कोर्ट ने अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने और कोलकाता में अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराने को भी कहा है। यह फ़ैसला तब आया है जब राज्य में 38 लाख अपीलें दाखिल की गई हैं, लेकिन इनमें से अब तक केवल एक लाख से कुछ अधिक अपीलों का ही निपटारा हुआ है।मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने अपीलों को दो अलग-अलग श्रेणियों में बांटने को कहा। पहली श्रेणी में उन लोगों की अपीलें होंगी, जिनके नाम SIR के बाद मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। दूसरी श्रेणी में उन अपीलों को रखा जाएगा जिनमें मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने को चुनौती दी गई है। पीठ ने कहा कि दूसरी श्रेणी की अपीलों में फिलहाल कोई जल्दबाजी नहीं है। इसलिए उन्हें बाद में सुना जा सकता है, जबकि मतदाता सूची से बाहर किए गए लोगों की अपीलों का जल्द निपटारा किया जाना चाहिए।

किन अपीलों पर पहले सुनवाई होगी?

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों को अंतिम रूप से निपटाने में प्राथमिकता दी जाए। पीठ ने कहा, ‘दूसरी श्रेणी की अपीलों में कोई तात्कालिकता नहीं है और फिलहाल उन्हें स्थगित किया जा सकता है। पहली श्रेणी की अपीलों को अंतिम रूप से निपटाने में प्राथमिकता दी जाए।’ इस निर्देश का मतलब है कि जिन लोगों को SIR प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया है और जिन्होंने इसके खिलाफ अपील की है, उनकी सुनवाई पहले होगी। वहीं, मतदाता सूची में नए नाम शामिल किए जाने को चुनौती देने वाली अपीलों पर फिलहाल इंतज़ार करना होगा।

कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के वोटरों को प्राथमिकता

सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के उन मतदाताओं की अपीलों को भी प्राथमिकता देने को कहा है, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। कोर्ट ने कहा कि कोलकाता नगर निगम के चुनाव जल्द होने वाले हैं। ऐसे में इस क्षेत्र के मतदाताओं की अपीलों का समय पर निपटारा ज़रूरी है, ताकि वे चुनाव में मतदान करने के अपने अधिकार से वंचित न रह जाएँ। कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मुद्दा सुनवाई के दौरान उठाया गया। इन लोगों की अपीलें अभी लंबित हैं।सुप्रीम कोर्ट का यह निर्देश तब आया है जब पश्चिम बंगाल में SIR के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने और अपीलों के निपटारे में देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को पश्चिम बंगाल में SIR अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। पीठ ने कहा कि चुनाव आयोग इस संबंध में कलकत्ता हाई कोर्ट से परामर्श करे और जरूरत के अनुसार ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाए, ताकि लंबित अपीलों का जल्द निपटारा किया जा सके। 

38 लाख अपीलों में से केवल एक लाख का निपटारा

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि SIR के बाद करीब 38 लाख अपीलें दाखिल की गई हैं, लेकिन इनमें से अब तक केवल एक लाख से कुछ अधिक अपीलों का निपटारा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे, उनकी ओर से दाखिल अपीलों में लगभग 93 प्रतिशत मामलों में फैसला मतदाताओं के पक्ष में आया है। प्रशांत भूषण ने यह भी बताया कि कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और उनकी अपीलें अभी लंबित हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अपीलों पर भी सवाल

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने चुनाव आयोग के हलफनामे का हवाला देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने के खिलाफ अपीलें दाखिल की हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इस तरह अपील दाखिल करने का कानूनी अधिकार है या नहीं।शंकरनारायणन ने दलील दी कि संबंधित चुनाव नियमों के नियम 23 के तहत निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के फैसले के खिलाफ अपील चुनाव आयोग की ओर से नामित सरकारी अधिकारी के पास की जा सकती है। लेकिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से चुनाव आयोग के ही नामित अपीलीय अधिकारी के समक्ष अपील दाखिल करना कानूनी रूप से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के पास अपने ही फ़ैसले के खिलाफ अपील दाखिल करने का अधिकार नहीं होना चाहिए और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ऐसी अपीलों का कोई कानूनी आधार नहीं है।

नाम जोड़ने वाली अपीलों को टालने का सुझाव

गोपाल शंकरनारायणन की दलीलों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सुझाव दिया कि मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों की सुनवाई को फिलहाल स्थगित किया जा सकता है। पीठ ने कहा कि इस समय उन लोगों की अपीलों का निपटारा ज्यादा जरूरी है, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं और जो मतदान के अधिकार को वापस पाने के लिए न्यायाधिकरणों के सामने पहुंचे हैं। इसके बाद कोर्ट ने अपीलों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने और हटाए गए मतदाताओं की अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

SIR और मतदान के अधिकार का सवाल

पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नामों की जांच, नए नाम जोड़ने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया के बाद बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर होने को लेकर विवाद सामने आए हैं।ऐसे मतदाता अपीलीय ट्रिब्यूनलों में अपने नाम वापस जोड़ने की मांग कर रहे हैं। लेकिन अपीलों की बड़ी संख्या और सीमित ट्रिब्यूनलों के कारण सुनवाई में देरी की शिकायतें सामने आई हैं। सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्देश का उद्देश्य इस प्रक्रिया में उन लोगों को प्राथमिकता देना है, जो मतदाता सूची से बाहर होने के कारण आगामी चुनावों में मतदान नहीं कर पाने की आशंका का सामना कर रहे हैं। कोर्ट ने चुनाव आयोग को ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने और सुनवाई के लिए बेहतर व्यवस्था करने को कहा है।

स्रोत: SatyaHindi – Latest

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleWorld Bank Report पर गंभीर सवाल! PM Modi का 50 करोड़ गरीबों वाला दावा कितना सही?
Next articleभारत ने की नेपाल के लिए 15000 करोड़ की घोषणा, नए सिरे से रिश्ते के लिए ‘साझा विजन’
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here