जौनपुर। तंत्र-मंत्र और जादू-टोने का भय दिखाकर महिला से नकदी और कीमती सामान ऐंठने के आरोप में शाहगंज पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहगंज थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सफर हुसैन (37) पुत्र अंसार हुसैन के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने 16 नवंबर को शाहगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि सफर हुसैन खुद को तांत्रिक और सोखा बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। उसकी मुलाकात आरोपी से रौजा बड़ागांव में हुई थी।
आरोप है कि आरोपी ने महिला के बेटे की बीमारी और घर में तंत्र-मंत्र होने का भय दिखाकर उससे एक लाख रुपये नकद और कीमती सामान ले लिया। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 396/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इसी क्रम में 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर शाहगंज पुलिस टीम ने आरोपी सफर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल सिजाउद्दीन शेख और कांस्टेबल प्रभात कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।



















