शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी नेहा, प्रेमी ने टावर पर पहुंचकर भरा सिंदूर; नायब तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में हुआ घटनाक्रम
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बारिगांव में मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी की जिद करने वाली युवती नेहा गौतम का मामला आखिरकार एक अनोखे घटनाक्रम के साथ समाप्त हुआ। प्रेमी के शादी के लिए तैयार होने के बावजूद टावर से नीचे उतरने को राजी नहीं हो रही युवती ने शर्त रख दी कि जब तक टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर नहीं भरा जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।
बताया जा रहा है कि युवती ने स्पष्ट कर दिया था कि यदि प्रेमी शादी के लिए तैयार नहीं हुआ तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रेमी अभिजीत को मौके पर बुलाया।
प्रेमी काफी देर तक टावर के नीचे से बातचीत और इशारों के जरिए युवती को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाता रहा, लेकिन नेहा अपनी जिद पर अड़ी रही। आखिरकार प्रेमी अभिजीत भी टावर पर चढ़ गया।
इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी, पुलिस प्रशासन की निगरानी तथा ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों के सामने अभिजीत ने नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया। इस घटनाक्रम के बाद युवती दुल्हन के रूप में टावर से नीचे उतरी। काफी देर से चल रहे तनावपूर्ण घटनाक्रम के समाप्त होने पर पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।
इलाके में चर्चा का विषय बना घटनाक्रम
बरसठी में हुए इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। लोग इसे अनोखे विवाह के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, इस घटना ने प्रेम संबंधों और विवाह जैसे संवेदनशील फैसलों को लेकर भी कई सवाल खड़े किए हैं।
जान जोखिम में डालना समाधान नहीं
यह घटनाक्रम भले ही चर्चा का विषय बन गया हो, लेकिन प्रेम या विवाह के लिए अपनी जान जोखिम में डालना किसी समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे मामलों में परिवार, पुलिस और प्रशासन की मदद से बातचीत तथा कानूनी प्रक्रिया के जरिए सुरक्षित रास्ता निकालना जरूरी है।


















