खुटहन (जौनपुर)। विकासखंड खुटहन अंतर्गत ग्राम बद्दोपुर स्थित पोखरे पर लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का भव्य और श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर ग्राम बद्दोपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर और नाक से माथे तक सिंदूर लगाकर हाथों में जलते दीपों से सजा पूजा का सूप व थाली लिए घाट की ओर बढ़ती नजर आईं, वहीं घर के पुरुष व युवा सदस्य सिर पर पूजन सामग्री से भरी बांस की दउरी और केले के घौद लेकर श्रद्धापूर्वक शोभायात्रा के साथ चलते दिखे।
पोखरा परिसर और मार्ग पर की गई आकर्षक रंग-बिरंगी प्रकाश व्यवस्था तथा डीजे पर गूंजते छठ मइया के पारंपरिक भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देर शाम तक घाट पर उमड़ी रही। शांति, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सदस्य पूरी तरह सक्रिय रहे, जिससे यह धार्मिक आयोजन अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।
बद्दोपुर पोखरे पर छठ महापर्व की धूम, आस्था और उल्लास के साथ व्रतियों ने की पूजा-अर्चना
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ


















