जौनपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन, जनवरी 2027 में होगा अंतिम प्रकाशन; नवंबर में चार दिन लगेंगे विशेष शिविर
जौनपुर। विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर तैयार की जा रही फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों की एकीकृत प्रारूप सूची अब 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसकी जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी है।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए मतदाताओं को 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम या अन्य विवरण में संशोधन कराने तथा संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की सुविधा मिलेगी।
निर्वाचन विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए 4 जनवरी 2027 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से छूटा है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो निर्धारित समयसीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर उसे ठीक करा लें।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

















