जौनपुर। सस्ते रेट पर सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी को जलालपुर क्षेत्र में बुलाकर तीन लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए तीन लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करने और प्रभावी कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में जलालपुर थाने के दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त की शाम करीब 7:35 बजे शकरमंडी निवासी आकाश सेठ ने डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र के सीयूजी नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उन्हें डिस्काउंट रेट पर सोना दिलाने का लालच दिया गया था। झांसे में आकर वह अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ तीन लाख रुपये नकद लेकर जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव पहुंचे।
आरोप है कि वहां अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह, इंद्रजीत सरोज और विशाल सिंह ने व्यापारी के साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद तीन लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से भगा दिया गया।
डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद सामने आई पुलिस की लापरवाही
घटना की जानकारी मिलने पर डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने जलालपुर पुलिस को तत्काल सत्यापन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। रेंज कंट्रोल से फीडबैक लेने पर पता चला कि मामले के जांचकर्ता दारोगा ने पीड़ित की तहरीर पर समय से मुकदमा दर्ज नहीं किया और आरोपितों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जौनपुर से जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद 26 अगस्त को जलालपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 दर्ज किया गया। मुकदमा धारा 309(4), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ।
दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित
लूट जैसे गंभीर मामले में कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर एक उपनिरीक्षक, तीन मुख्य आरक्षी/आरक्षी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी और कार बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ पिंटू निवासी इजरी, शुभम सिंह निवासी इजरी और इंद्रजीत सरोज निवासी निहालापुर, थाना केराकत को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से व्यापारी से लूटी गई तीन लाख रुपये की नकदी और कार संख्या UP65CF1241 बरामद की गई है।
घटना में शामिल चौथे आरोपित विशाल सिंह की तलाश में पुलिस जुटी है।
डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी, त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

















