2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर हलचल तेज, कांग्रेस ने 57 जिलों की 181 सीटों की सूची सौंपी; जौनपुर सदर, जफराबाद और बदलापुर शामिल, 2022 में जिले की नौ सीटों पर कांग्रेस को मिले थे कुल 27,077 वोट
लखनऊ/जौनपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है। पार्टी की ओर से इन सीटों की सूची सपा नेतृत्व को सौंपे जाने की खबर सामने आई है। इस सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड तक की विधानसभा सीटें शामिल हैं।
कांग्रेस की इस दावेदारी के बाद अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाती है। उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 181 सीटों की मांग गठबंधन के भीतर सीटों के समीकरण को महत्वपूर्ण बना सकती है।
135 सामान्य, 45 एससी और एक एसटी सीट पर दावा
रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस की ओर से तैयार सूची में 135 सामान्य विधानसभा सीटें, 45 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल है। ये सीटें प्रदेश के 57 जिलों में फैली हुई हैं।
इस सूची में कांग्रेस ने केवल अपनी परंपरागत राजनीतिक जमीन पर ही दावेदारी नहीं की है, बल्कि उन विधानसभा क्षेत्रों को भी शामिल किया है जहां पिछले चुनाव में भाजपा, समाजवादी पार्टी और उनके सहयोगी दलों ने जीत दर्ज की थी।
जौनपुर की तीन सीटों पर कांग्रेस की नजर
इस प्रस्तावित सूची में जौनपुर जिले की तीन विधानसभा सीटों को जगह मिली है। इनमें जौनपुर सदर, जफराबाद और बदलापुर शामिल हैं।
यह राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इसलिए भी है क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिले की किसी भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी थी। हालांकि पार्टी ने सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारे थे।
2022 के चुनाव में कांग्रेस को जौनपुर सदर सीट पर सर्वाधिक 12,150 वोट मिले थे। वहीं जिले की बाकी आठ सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा था।
2022 में जौनपुर की नौ सीटों पर कांग्रेस को मिले वोट
विधानसभा चुनाव के उपलब्ध निर्वाचन आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशियों को मिले वोटों का विवरण इस प्रकार है—
1. बदलापुर – 1,651 वोट
2. शाहगंज – 1,529 वोट
3. जौनपुर सदर – 12,150 वोट
4. मल्हनी – 1,444 वोट
5. मुंगराबादशाहपुर – 1,830 वोट
6. मछलीशहर (सु.) – 2,178 वोट
7. मड़ियाहूं – 1,372 वोट
8. जफराबाद – 2,235 वोट
9. केराकत (सु.) – 2,688 वोट
इन सभी सीटों को मिलाकर कांग्रेस को 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 27,077 वोट प्राप्त हुए थे।
इस आंकड़े में जौनपुर सदर सीट पर नदीन जावेद को मिले 12,150 वोट सबसे अधिक हैं। इसके बाद केराकत में 2,688, मछलीशहर में 2,178 और जफराबाद में 2,235 वोट मिले थे।
181 सीटों की पूरी सूची में शामिल विधानसभा क्षेत्र
कांग्रेस की ओर से सपा को सौंपी गई सूची में शामिल 181 विधानसभा सीटों के नाम इस प्रकार हैं—
1 से 30 तक: बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, रामपुर मनिहारान, थानाभवन, बुढ़ाना, पुरकाजी, मीरापुर, बढ़ापुर, धामपुर, नहटौर, मुरादाबाद नगर, कुंदरकी, चंदौसी, स्वार, धनौरा, नौगावां सादात, हसनपुर, सिवालखास, हस्तिनापुर, मेरठ दक्षिण, बागपत, लोनी, धौलाना, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, बुलंदशहर, शिकारपुर और कोल।
31 से 60 तक: मांट, मथुरा, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, बदायूं, नवाबगंज, फरीदपुर, पीलीभीत, पूरनपुर, तिलहर, शाहजहांपुर, गोला गोकर्णनाथ, सीतापुर, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, सिधौली, शाहाबाद, बिलग्राम, मोहनलालगंज, बछरावां, तिलोई, हरचंदपुर, रायबरेली, सलोन, सरेनी, ऊंचाहार और जगदीशपुर।
61 से 90 तक: गौरीगंज, अमेठी, सदर, फर्रुखाबाद, गोविंदनगर, कानपुर कैंट, कालपी, झांसी नगर, मऊरानीपुर, महरौनी, मानिकपुर, बिंदकी, रामपुर खास, विश्वनाथगंज, प्रतापगढ़ सदर, करछना, इलाहाबाद उत्तरी, इलाहाबाद दक्षिणी, बारा, कोरांव, कुर्सी, जैदपुर, हैदरगढ़, बीकापुर, कटेहरी, बलहा, नानपारा, महसी, बलरामपुर और शोहरतगढ़।
91 से 120 तक: महादेवा, खलीलाबाद, फरेंदा, महराजगंज, पनियरा, गोरखपुर ग्रामीण, बांसगांव, चिल्लूपार, फाजिलनगर, रुद्रपुर, देवरिया, निजामाबाद, मधुबन, बेल्थरा रोड, जौनपुर, जफराबाद, जखनियां, मुगलसराय, पिंडरा, रोहनिया, वाराणसी उत्तरी, वाराणसी कैंट, मझवां, मड़िहान, रॉबर्ट्सगंज, गंगोह, शामली, चरथावल, बिजनौर और मुरादाबाद ग्रामीण।
121 से 150 तक: बिलासपुर, मिलक, छपरौली, दादरी, जेवर, सिकंदराबाद, स्याना, अनूपशहर, खुर्जा, इगलास, बाह, टूंडला, फिरोजाबाद, दातागंज, मीरगंज, बरेली कैंट, आंवला, पलिया, मोहम्मदी, बांगरमऊ, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सुल्तानपुर, लंभुआ, औरैया, अकबरपुर रनियां, बिल्हौर, बिठूर, घाटमपुर और उरई।
151 से 181 तक: हमीरपुर, राठ, नरैनी, जहानाबाद, अयाह शाह, हुसैनगंज, चायल, फूलपुर, दरियाबाद, उतरौला, गौरा, हर्रैया, नौतनवां, खड्डा, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, सलेमपुर, बरहज, बलिया नगर, बदलापुर, जहूराबाद, छानबे, दुद्धी, सरोजनी नगर, ज्ञानपुर, औराई, मोदीनगर, खैर, बलदेव, लखनऊ पूर्व और किदवई नगर।
2022 के चुनाव परिणाम भी बनेंगे बातचीत का आधार
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश की 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और केवल दो सीटों पर जीत हासिल की थी। इनमें प्रतापगढ़ की रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना और महराजगंज की फरेंदा सीट से वीरेंद्र चौधरी विजयी हुए थे।
कांग्रेस की प्रस्तावित सूची में ये दोनों सीटें भी शामिल हैं। इसके अलावा ऐसी कई सीटें हैं जहां 2022 में भाजपा, सपा और उनके सहयोगी दलों के प्रत्याशी जीते थे।
अखिलेश यादव के रुख पर टिकी निगाहें
सीटों की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि गठबंधन में केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जीतने की संभावना को प्राथमिकता दी जाएगी। सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा है कि कांग्रेस जितनी सीटें मांगेगी, उसे उतनी ही सीटें दे दी जाएंगी, ऐसा जरूरी नहीं है। सभी सीटों पर जीत की संभावना का आकलन किया जाएगा।
अब सवाल यह है कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर समाजवादी पार्टी कितनी सीटों के लिए सहमत होती है। क्या जौनपुर की तीनों प्रस्तावित सीटों पर कांग्रेस को मौका मिलेगा या गठबंधन के भीतर कोई दूसरा चुनावी समीकरण तैयार होगा? इसका फैसला आगामी बातचीत के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की इस सूची ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
















