करंट से बटाईदार की मौत
के मामले में चार नामजद आरोपित गिरफ्तार
खुटहन (जौनपुर)10 जुलाई मुबारकपुर गांव में खेत की बाड़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से बटाईदार 60 वर्षीय शेरे खरवार की मौत के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर चलान न्यायालय भेज दिया।
घटना बीते गुरुवार को हुई थी। मृतक के पुत्र कमलेश कुमार के द्वारा दी गई तहरीर में आरोप था कि खेत की बाड़ में लापरवाहीपूर्वक बिजली का तार लगाने से उनके पिता करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को गौसपुर बाजार के पास से आरोपित किए गए भूस्वामी भारत सिंह, केदारनाथ सिंह, बटेश्वरनाथ सिंह और गोरखनाथ सिंह, निवासी मुबारकपुर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विद्युत करंट नहीं था,सुरक्षा हेतु बाड़ में झटका मशीन से करंट दौड़ाया गया था।


















