शाहगंज (जौनपुर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम खरताबपुर में 26 नवंबर 2026 को समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से संविधान दिवस बड़े ही धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं बच्चों ने भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं उच्च न्यायालय प्रयागराज (इलाहाबाद) के अधिवक्ता विजय बहादुर ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समस्त देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बच्चों को सही मार्गदर्शन देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और आसपास की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। एडवोकेट विजय बहादुर ने जोर देते हुए कहा कि आज के यही बच्चे पढ़-लिखकर कल देश का उज्ज्वल भविष्य बनेंगे और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस पुनीत अवसर पर गांव के गणमान्य नागरिक पृथ्वीराज, परदेसी ठेकेदार, त्रिवेणी कुमार, डॉक्टर अरुण कुमार, हरिश्चंद्र, पप्पू ठेकेदार, हीरालाल गौतम, बबलू (पंचायत विभाग), बसंत लाल, डब्लू गौतम सहित बड़ी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे और समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।
*खरताबपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, बच्चों की शिक्षा व स्वच्छता पर दिया गया जोर*
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ


















