खुटहन (जौनपुर)11 अक्टूबर क्षेत्र के बुढ़ानपुर गांव में मंगलवार की शाम आयोजित धार्मिक समारोह में गायक अवनीश तिवारी ने अपनी सुरीली आवाज से ऐसा समां बांधा कि श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक गजल और गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
उनकी गजल 'इतनी जल्दी न करो जाने की' ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं 'मोरी अटरिया पे आ जाओ सांवरिया' की प्रस्तुति पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। देर शाम तक संगीत की महफिल सजी रही और श्रोता गीतों का आनंद लेते रहे।
इस मौके पर लालू सिंह, दिलीप यादव, शंकर सेठ, श्रवण उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजक एवं ईंट-भट्ठा संचालक प्रदीप यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उठे जनसमस्याओं के मुद्दे, हौज टोल के जाम पर सांसद नाराज















