जर्जर बिजली तारों को बदलने और खराब सड़कों की मरम्मत के निर्देश; हर तहसील में डायलिसिस सेंटर तथा अस्पतालों में सांप-कुत्ते के काटने के उपचार की व्यवस्था पर जोर
जौनपुर। जिले में विकास योजनाओं की प्रगति और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दिशा की बैठक में कई विभागों की कार्यप्रणाली पर चर्चा हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और यातायात से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। हौज टोल प्लाजा पर आए दिन लगने वाले जाम को लेकर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।
सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद प्रिया सरोज और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी सह-अध्यक्ष के रूप में शामिल हुईं। बैठक में पिछली समीक्षा बैठक के निर्देशों पर हुई कार्रवाई का ब्योरा लिया गया और विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकास योजनाओं की स्थिति परखी गई।
**स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार हटाने के निर्देश**
बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को हटाने और जर्जर तारों को बदलने का मुद्दा उठाया गया। सांसद ने जरूरत के अनुसार बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने तथा अधिक भार वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।
**स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर**
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में प्रत्येक तहसील में एक डायलिसिस सेंटर स्थापित करने की व्यवस्था कराने की बात कही गई। इसके साथ ही प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा अस्पतालों में सांप और कुत्ते के काटने पर इलाज के लिए जरूरी इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
**खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठा**
बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर भी जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई। अधिकारियों को खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और जहां जरूरत हो, वहां नई सड़क के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। जिला पंचायत के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए अपर मुख्य अधिकारी को निर्देशित किया गया।
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को दोबारा ठीक करने और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की भी समीक्षा हुई।
**किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने की हिदायत**
कृषि विभाग को किसानों के लिए समय पर बीज, खाद और कृषि दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
बैठक में पेंशन योजनाओं, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान सम्मान निधि तथा पशुओं के टीकाकरण और गो-संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति भी जानी गई।
**हौज टोल प्लाजा पर जाम का जल्द समाधान कराने को कहा**
रेलवे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान हौज टोल प्लाजा पर बार-बार लगने वाले जाम की समस्या सामने आई। इस पर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने और समस्या का शीघ्र समाधान कराने को कहा।
बैठक के समापन पर सांसद ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का ध्यान रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सुझावों और निर्देशों के अनुपालन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विधायक जगदीश नारायण राय, रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, डॉ. आरके पटेल, लकी यादव, पंकज पटेल, तुफानी सरोज, रागिनी सोनकर, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, डीएफओ दिव्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी और परियोजना निदेशक डीआरडीए केके पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।



















