Home आवाज़ न्यूज़ Jaunpur News: जौनपुर रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 3485 ने...

Jaunpur News: जौनपुर रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 3485 ने आजमाई किस्मत; 1047 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

50 कंपनियों ने की भर्ती प्रक्रिया, 11 युवाओं को मिला ऑफर लेटर; 23 नवंबर को आईटीआई सिद्दीकपुर में फिर लगेगा रोजगार मेला

जौनपुर। जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को बीआरपी इंटर कॉलेज परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 50 कंपनियों ने हिस्सा लिया और नौकरी की तलाश में पहुंचे 3485 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण से लेकर साक्षात्कार तक की प्रक्रिया में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 1047 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 11 अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का उद्घाटन खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति और नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अतिथियों का बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार उन्हें नौकरी और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी सेवाओं के साथ निजी कंपनियों, उद्योगों, व्यापार और एमएसएमई क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि नौकरी की शुरुआत में धैर्य और मेहनत के साथ काम करते हुए अनुभव हासिल करें। अनुभव बढ़ने पर बेहतर पद और वेतन के रास्ते खुलते हैं।

राज्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और मोबाइल पर अनावश्यक रूप से रील देखने में समय न गंवाने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि नशे और मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से पढ़ाई, स्वास्थ्य तथा मानसिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने नशामुक्त भारत के अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने जानकारी दी कि युवाओं को रोजगार के और अवसर उपलब्ध कराने के लिए आगामी 23 नवंबर को राजकीय आईटीआई सिद्दीकपुर में एक अन्य वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और इस बार अवसर नहीं पाने वाले अभ्यर्थियों से निराश न होकर अगले मेले में भाग लेने की अपील की।

विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू ने कहा कि कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के जरिए युवाओं को रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है। रोजगार मेले कंपनियों और नौकरी तलाश रहे अभ्यर्थियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बताया कि जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप नौकरी के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

रोजगार मेले में अडानी सोलर पावर एनर्जी लिमिटेड, डिक्सन टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड, जेबी इंडस्ट्रीज, विजय प्लेसमेंट सर्विसेज, टीएसपीएल ग्रुप और आरएसटी ग्रुप ऑफ सर्विसेज समेत कुल 50 कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन और ट्रेनी सहित कई पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इसमें आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम और कौशल प्रशिक्षित युवाओं के साथ अकुशल श्रमिकों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। अंत में जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने अतिथियों और रोजगार मेले में शामिल अभ्यर्थियों के प्रति आभार जताया।

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleJaunpur News दीपावली से पहले कर्मचारियों के खातों में पहुंचेगा वेतन, त्योहारों को लेकर जौनपुर प्रशासन ने कसी कमर
Next articleलीलावती सिंह का निधन, बदलापुर में शोक की लहर | Jaunpur News
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here