Home राष्ट्रीय खड़गे की इमरान मसूद को नसीहत- अहंकार छोड़ मिलकर लड़ें, सपा-कांग्रेस गठबंधन...

खड़गे की इमरान मसूद को नसीहत- अहंकार छोड़ मिलकर लड़ें, सपा-कांग्रेस गठबंधन होकर रहेगा

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

यूपी चुनाव में कांग्रेस-सपा के बीच सीट बँटवारे को लेकर कड़ा बयान देकर सुर्खियों में रहे कांग्रेस नेता को मल्लिकार्जुन खड़गे ने कड़ी नसीहत दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लखनऊ में संविधान दिवस के कार्यक्रम के दौरान मसूद को नसीहत दी कि केवल बयान देने के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पार्टी नेताओं को आपसी मतभेद और अंदरूनी कलह से बचने को भी कहा। 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान दिवस के कार्यक्रम में खड़गे ने मसूद का नाम लेकर कहा कि वह टेलीविजन पर उन्हें अक्सर बड़े जोश के साथ बोलते सुनते हैं, लेकिन अब शब्दों से ज्यादा काम पर ध्यान देने की जरूरत है। खड़गे ने यह भी कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को मिलकर काम करना होगा। उनके बयान को सपा के साथ गठबंधन पर सार्वजनिक बयानबाजी कर रहे कांग्रेस नेताओं को संयम बरतने का संदेश माना जा रहा है। खड़गे का यह संदेश इसलिए अहम है क्योंकि गठबंधन को लेकर इमरान मसूद लगातार बयानबाज़ी कर रहे हैं।

सपा-कांग्रेस के बीच मुश्किल क्या?

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन की बातचीत जारी है, लेकिन सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस करीब 120 से 130 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि सपा ने शुरुआती प्रस्ताव में केवल 26 सीटें दी हैं। इस प्रस्ताव से कांग्रेस नेता नाराज हैं। विवाद तब और बढ़ गया जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बातचीत पूरी होने से पहले ही पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए। इनमें सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर सीटें भी शामिल हैं। कांग्रेस इन सीटों पर अपना दावा जता रही थी। कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस कदम पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की थी।

शब्दों से ज़्यादा काम ज़रूरी: खड़गे

लखनऊ में अपने संबोधन के दौरान खड़गे ने इमरान मसूद का ज़िक्र करते हुए कहा कि वह टीवी पर उन्हें अक्सर बड़े जोश के साथ बोलते सुनते हैं। उन्होंने कहा कि मसूद संसद में पार्टी के लिए लगातार लड़ते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखते हैं। हालाँकि, खड़गे ने इसके साथ ही उन्हें यह सलाह भी दी कि केवल बोलने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा, ‘हमें शब्दों के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए। हम जितना मिलकर काम करेंगे, उतना आगे बढ़ेंगे।’
खड़गे ने पार्टी नेताओं को आपसी मतभेदों से सावधान करते हुए कहा कि बाहरी राजनीतिक विरोधियों की पहचान करना आसान है, लेकिन पार्टी के भीतर कौन नुकसान पहुंचा सकता है, इसका पता लगाना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई चीज चुनाव में जीत को मुश्किल बना सकती है तो वह पार्टी के भीतर की कलह है। कांग्रेस नेताओं को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आपसी मतभेद और खींचतान से पार्टी का नुकसान न हो। खड़गे की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इमरान मसूद सपा के सीट बंटवारे के प्रस्ताव और उम्मीदवारों की घोषणा पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

इमरान मसूद ने सपा पर क्यों उठाए थे सवाल?

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि जब दोनों दल दिल्ली में गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर बातचीत कर रहे थे तब सपा को एकतरफा उम्मीदवार घोषित नहीं करने चाहिए थे। 
उन्होंने सवाल उठाया था कि अगर गठबंधन की बातचीत चल रही है तो फिर सपा अलग से उम्मीदवारों की घोषणा क्यों कर रही है? मसूद ने कहा था कि इस तरह के क़दम से बीजेपी को फ़ायदा होगा। उनके मुताबिक़ दोनों दलों को आपस में लड़ने के बजाय बीजेपी के ख़िलाफ़ मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए। मसूद ने यह भी कहा था कि कांग्रेस ने गठबंधन की भावना का सम्मान करते हुए अपनी सीटों की सूची पर सार्वजनिक रूप से विवाद नहीं किया है। लेकिन सपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने से उसकी नीयत पर सवाल खड़े होते हैं।

सपा ने की 26 सीटों की पेशकश

कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर बातचीत में बड़ा अंतर है। कांग्रेस ने शुरुआत में क़रीब 181 सीटों पर दावा किया था। बाद में पार्टी ने अपनी मांग घटाकर लगभग 130 सीटों की सूची सपा को सौंपी। कुछ रिपोर्टों में कांग्रेस की मांग 120 से 130 सीटों के बीच बताई गई है। इसके जवाब में सपा ने शुरुआती प्रस्ताव के तौर पर कांग्रेस को 26 सीटें दीं। सपा का तर्क है कि इन सीटों पर कांग्रेस की जीतने की संभावना बेहतर हो सकती है। प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें भी शामिल हैं जहां कांग्रेस पहले जीत चुकी है और चार सीटें ऐसी हैं जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी।सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव में रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लानवां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं। कांग्रेस इस प्रस्ताव को अपनी राजनीतिक ताकत के हिसाब से बहुत कम मान रही है। पार्टी का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में उसका प्रदर्शन पहले से बेहतर रहा है। कांग्रेस ने 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं। इसलिए वह विधानसभा चुनाव में भी अधिक सीटों पर दावा कर रही है।

सपा की पहली सूची से कांग्रेस नाराज़

सीट बँटवारे पर बातचीत के बीच अखिलेश यादव ने 24 नवंबर को पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इनमें चार सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हैं और एक बुंदेलखंड की। सपा ने सहारनपुर से आशु मलिक, बेहट से उमर अली खान, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। इनमें सहारनपुर और बेहट सीटें कांग्रेस के लिए खास महत्व रखती हैं। दोनों सीटें इमरान मसूद के लोकसभा क्षेत्र सहारनपुर में आती हैं। कांग्रेस इन सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक थी। ऐसे में सपा की घोषणा को कांग्रेस ने गठबंधन की बातचीत के बीच एकतरफा कदम माना।सपा का कहना है कि उसने जिन सीटों पर अपने मौजूदा विधायक हैं, वहां उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी के नेताओं ने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी गठबंधन की बातचीत के दौरान उम्मीदवारों की घोषणा होती रही थी। इसलिए इसे गठबंधन तोड़ने की कोशिश के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

अखिलेश का बातचीत आगे बढ़ाने का संकेत

विवाद बढ़ने के बाद अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ बातचीत का रास्ता खुला रखने की कोशिश की है। उन्होंने कांग्रेस से कहा है कि वह केवल 26 सीटों के प्रस्ताव तक सीमित न रहे, बल्कि उन दूसरी सीटों की भी सूची दे जहां वह चुनाव लड़ना चाहती है। अखिलेश का कहना है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं होना चाहिए। यह भी देखा जाना चाहिए कि किस सीट पर किस पार्टी का उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है। दोनों दलों को मिलकर उम्मीदवारों की संभावनाओं और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर विचार करना चाहिए।सपा प्रमुख ने गठबंधन का उद्देश्य बीजेपी को हराना बताते हुए कहा है कि सभी सहयोगी दलों को एक-दूसरे के लिए जगह बनानी होगी। सपा नेता शिवपाल यादव ने भी कहा है कि गठबंधन बना रहेगा और मतभेद दूर कर लिए जाएंगे। सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने बातचीत को सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने एक-दूसरे की बात सुनी है और सीटों के बंटवारे पर जल्द सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।

2027 के चुनाव से पहले गठबंधन की परीक्षा

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। कांग्रेस और सपा के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि दोनों दल किस संख्या और किन सीटों पर समझौता करते हैं। कांग्रेस अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है, जबकि सपा राज्य में खुद को बड़े विपक्षी दल के रूप में देखते हुए सीटों के बंटवारे में अपनी स्थिति बनाए रखना चाहती है। दोनों दलों के बीच यह खींचतान ऐसे समय हो रही है जब 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया था। सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं। दोनों दल उस प्रदर्शन को विधानसभा चुनाव में भी दोहराने की कोशिश करना चाहते हैं।हालाँकि, विधानसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण लोकसभा चुनाव से अलग होता है। उम्मीदवारों की स्थानीय पकड़, जातीय और सामाजिक समीकरण, संगठन की ताकत और क्षेत्रीय मुद्दे सीटों के बंटवारे में अहम भूमिका निभाएंगे।

खड़गे की नसीहत से साफ है कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व सार्वजनिक बयानबाजी के ज़रिए गठबंधन की बातचीत को और बिगड़ने नहीं देना चाहता। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि नेता अपनी नाराजगी सार्वजनिक करने के बजाय संगठन के भीतर बातचीत करें। लेकिन सीटों की संख्या और सहारनपुर की कुछ सीटों पर दावे को लेकर दोनों दलों के बीच असली मतभेद अभी बाकी हैं। गठबंधन को लेकर दोनों पक्षों के नेताओं ने सकारात्मक संकेत दिए हैं, लेकिन अंतिम समझौता तभी होगा जब सीटों और उम्मीदवारों पर सहमति बनेगी।

स्रोत: SatyaHindi – Latest

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleगूगल से कंटेंट हटवाने में भारत तीसरे नंबर पर, यूट्यूब से लाखों वीडियो हटे, 6 महीने में 61% तक बढ़ीं शिकायतें
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here