Home राष्ट्रीय राहुल की संपत्ति की CBI, ईडी जांच वाला इलाहाबाद HC का आदेश...

राहुल की संपत्ति की CBI, ईडी जांच वाला इलाहाबाद HC का आदेश रद्द, SC बोला- नये सिरे से सुनवाई हो

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में राहुल गांधी को बड़ी राहत दी है। इसने इलाहाबाद हाई कोर्ट के सभी आदेश रद्द कर दिए हैं। हाई कोर्ट ने सीबीआई और ईडी को आरोपों की जांच और सत्यापन करने का निर्देश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब मामले की सुनवाई नई बेंच करेगी और राहुल गांधी को भी अपना पक्ष रखने का पूरा मौक़ा दिया जाएगा। हालाँकि, शीर्ष अदालत ने आरोपों के सही या गलत होने पर कोई फ़ैसला नहीं दिया है।मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने मामले को नए सिरे से सुनवाई के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट वापस भेज दिया है। अदालत ने निर्देश दिया कि हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एक नई बेंच का गठन करें। यह बेंच मामले की सुनवाई खुले न्यायालय में नए सिरे से शुरू करेगी। इसके साथ ही याचिकाकर्ता एस. विग्नेश शिशिर को राहुल गांधी को भी इस मामले में पक्षकार बनाने का निर्देश दिया गया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने साफ कहा कि राहुल गांधी को याचिका की सुनवाई योग्य होने के सवाल पर भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। अदालत ने यह भी साफ़ किया कि याचिका की वैधता सहित सभी पक्षों की दलीलें खुली रहेंगी।

राहुल गांधी को नहीं मिला था पक्ष रखने का मौक़ा

राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए। उन्होंने हाई कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता की इस मामले में याचिका दाखिल करने की पात्रता और उसके इरादों पर सवाल हैं। राहुल गांधी का यह भी कहना था कि उनके खिलाफ आदेश पारित करने से पहले उन्हें सुनवाई का मौका नहीं दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने अब यही प्रक्रिया नए सिरे से अपनाने का निर्देश दिया है।

बीजेपी कार्यकर्ता ने दायर की है याचिका

यह मामला कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की ओर से इलाहाबाद हाई कोर्ट में दाखिल याचिका से शुरू हुआ था। याचिकाकर्ता ने राहुल गांधी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ कथित आय से अधिक संपत्ति के आरोप लगाते हुए जाँच की मांग की। याचिका में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी के पास उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति है। याचिकाकर्ता ने इस मामले में सीबीआई और ईडी से जाँच कराने की मांग की है।मई 2026 में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए सीबीआई और ईडी को शिकायत में लगाए गए आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन करने को कहा था। अदालत ने यह भी कहा था कि अगर जाँच में जरूरी सामग्री मिलती है तो दोनों एजेंसियाँ क़ानून के तहत उचित कदम उठा सकती हैं। हाई कोर्ट ने जांच एजेंसियों से इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी थी।

CBI रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं था इलाहाबाद HC

मई में आदेश देने के बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सीबीआई से जांच की प्रगति के बारे में हलफनामा दाखिल करने को कहा था। लेकिन अदालत सीबीआई की ओर से दी गई जानकारी से संतुष्ट नहीं हुई। 20 जुलाई को जस्टिस बृज राज सिंह और जस्टिस राजेश सिंह चौहान की पीठ ने सीबीआई के जवाब पर सवाल उठाए थे। हाई कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई का जवाब उसके पहले के आदेश के अनुरूप नहीं है। अदालत ने यह भी कहा था कि उसे यह समझ नहीं आ रहा कि एजेंसी ने जांच में अब तक क्या प्रगति की है।ईडी के संबंध में हाई कोर्ट ने कहा था कि उसने जरूरी कदम उठाए हैं। अगर जांच के दौरान ऐसी सामग्री मिलती है, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई की जरूरत हो, तो एजेंसी कानून के मुताबिक आगे बढ़ सकती है।

राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में क्या अपील की?

इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेशों को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी ओर से दलील दी गई कि हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ आदेश पारित करने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया। राहुल गांधी की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि याचिकाकर्ता विग्नेश शिशिर की इस मामले में याचिका दाखिल करने की पात्रता क्या है और उन्होंने अपनी पृष्ठभूमि तथा इस मामले से जुड़े अपने अधिकारों के बारे में पर्याप्त जानकारी क्यों नहीं दी।उनकी ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि अदालत की गोपनीय कार्यवाही से जुड़ी जानकारियां अखबारों में कैसे प्रकाशित हो गईं। कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी थी कि इस तरह की कार्यवाही कानून में मान्य प्रक्रिया के तहत नहीं हो रही है और यह राहुल गांधी के खिलाफ एक तरह की ‘विच हंट’ यानी चुनिंदा तरीके से निशाना बनाने की कोशिश है। यह राहुल गांधी की ओर से पेश की गई दलील थी, जिस पर अदालत ने अब मामले को नए सिरे से सुनने का निर्देश दिया है।

SC ने हाई कोर्ट की सुनवाई पर लगाई थी रोक

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 17 अगस्त को भी सुनवाई की थी। उस समय शीर्ष अदालत ने इस बात पर सवाल उठाया था कि राहुल गांधी को सुने बिना उनके खिलाफ हाई कोर्ट ने आदेश कैसे पारित कर दिए। सुप्रीम कोर्ट ने तब इलाहाबाद हाई कोर्ट को मामले की आगे की सुनवाई स्थगित करने का निर्देश दिया था। इसके साथ ही सीबीआई और ईडी को हाई कोर्ट के पहले के आदेशों के आधार पर कोई रिपोर्ट पेश करने से रोक दिया था।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का भी उल्लेख किया था। अदालत का कहना था कि जब कोई अदालत किसी व्यक्ति के खिलाफ निर्देश जारी करती है तो उसे संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर देना चाहिए। अब 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के विवादित आदेशों को पूरी तरह रद्द कर दिया और नई बेंच के सामने सुनवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।

ब्रिटिश नागरिकता के आरोप का केस लंबित

विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी के खिलाफ इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक अलग याचिका भी दाखिल की है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के पास भारतीय पासपोर्ट के अलावा ब्रिटिश पासपोर्ट भी था। याचिकाकर्ता ने इसे नागरिकता कानूनों का उल्लंघन बताते हुए आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।

इस अलग मामले में हाई कोर्ट के एक जज ने शुरुआत में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। हालाँकि बाद में उस आदेश पर रोक लगा दी गई। इसके बाद याचिकाकर्ता की ओर से सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट किए जाने के बाद संबंधित जज ने मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। ब्रिटिश नागरिकता से जुड़े आरोपों वाला यह मामला अभी हाई कोर्ट में लंबित है। यह आय से अधिक संपत्ति के मामले से अलग कार्यवाही है।

स्रोत: SatyaHindi – Latest

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleगोवध और पशु क्रूरता के मुकदमे में चार आरोपी गिरफ्तार, जलालपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
Next articleडेढ़ माह से घर से लापता महिला का तालाब में मिला कंकाल
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here