Home आवाज़ न्यूज़ वाराणसी में दर्दनाक हादसा: मकान की दीवार ढहने से पूरा परिवार तालाब...

वाराणसी में दर्दनाक हादसा: मकान की दीवार ढहने से पूरा परिवार तालाब में गिरा, दो मासूम बहनों की डूबकर मौत

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव गांव (पश्चिमपुरा) में बीती रात मकान की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इसके चलते दीवार के पास सो रहा पूरा परिवार गहरे तालाब में जा समाया। इस खौफनाक हादसे में दो सगी और मासूम बहनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, अय्युदीन उर्फ कल्लू अपने भाइयों और परिवार के साथ तालाब के किनारे मकान बनाकर रहते हैं। बीती रात कल्लू, उनकी पत्नी तबस्सुम, बेटा अख्तर और तीन बेटियां—रोशनी (8 वर्ष), आफिया (6 वर्ष) और फलक (4 वर्ष)—कमरे के बाहर टिन शेड के नीचे चारपाई पर सो रहे थे।

यह भी पढ़ें: चित्रकूट में दर्दनाक हादसा: झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मासूम समेत 4 श्रद्धालुओं की मौत, 12 घायल

देर रात अचानक तालाब की तरफ वाली दीवार ढह गई, जिससे पूरी चारपाई सीधे गहरे तालाब में जा गिरी। इस अचानक हुए हादसे में कल्लू, पत्नी तबस्सुम, बेटा अख्तर और बड़ी बेटी रोशनी किसी तरह संघर्ष करके पानी से बाहर निकलने में कामयाब हो गए, लेकिन दोनों छोटी बच्चियां आफिया और फलक गहरे पानी में डूब गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा और तालाब में पानी काफी ज्यादा होने के कारण ग्रामीण और पुलिस बेबस नजर आए, जिसके बाद फौरन एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को सूचना दी गई। सुबह मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों की मौत हो चुकी थी।

एक ही झटके में घर की दो बेटियों की जान जाने से परिवार में कोहराम मच गया है। मां तबस्सुम अपनी बच्चियों को खोने के गम में बुरी तरह टूट चुकी हैं और सदमे से बार-बार बेहोश हो रही हैं। आसपास की महिलाएं और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं।

डीसीपी राजेश कुमार पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

The post वाराणसी में दर्दनाक हादसा: मकान की दीवार ढहने से पूरा परिवार तालाब में गिरा, दो मासूम बहनों की डूबकर मौत appeared first on Live Today | लाइव टुडे.

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleबरेली में भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराई, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
Next articleगुवाहाटी के पास कोलकाता-साईरंग एक्सप्रेस का एक इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतरे, बचाव अभियान जारी
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।