जौनपुर। बदलापुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार शाम छापेमारी कर दो अस्पतालों को सील कर दिया। विभागीय टीम के अनुसार, दोनों अस्पतालों के संचालक जांच के दौरान आवश्यक पंजीकरण और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जिला मुख्यालय से पहुंची डॉ. आलोक सिंह, डॉ. अरुण कुमार यादव और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद पाण्डेय की टीम ने सबसे पहले घनश्यामपुर रोड स्थित वैष्णवी बाल चिकित्सालय पर छापेमारी की। विभाग के मुताबिक, अस्पताल संचालक प्रशांत निषाद जांच के दौरान पंजीकरण समेत अन्य आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने अस्पताल में अनियमितताएं पाए जाने के बाद उसे सील कर दिया।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जौनपुर रोड स्थित अरोग्यम हॉस्पिटल पहुंची। यहां भी अस्पताल संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया।
लगातार मिल रही थी शिकायतें
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद पाण्डेय ने बताया कि जिन अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनके संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद दोनों अस्पतालों को सील किया गया।
उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम द्वारा अन्य अस्पतालों और स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।








