जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के भभौरी गांव स्थित गोदाम चौराहा बाजार में सोमवार तड़के एक अधेड़ व्यक्ति की सिर पर वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। खून से लथपथ शव जेवर की दुकान के बरामदे में मिलने से बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उदयराज पिछले करीब 15 वर्षों से गोदाम चौराहा बाजार में ही रहकर घूमता-फिरता था। रात में वह अक्सर विंध्यवासिनी जेवेलर्स की दुकान के सामने बने बरामदे में सो जाता था।
सोमवार भोर करीब तीन बजे बाजार के लोगों की नजर दुकान के टूटे ताले और बरामदे में पड़े उदयराज के शव पर पड़ी। उनके सिर से काफी खून बह रहा था। आसपास खून के निशान और दुकान की दीवार पर भी खून के छींटे मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उदयराज की हत्या की गई है।
दुकान खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ की बताई जा रही है। फिलहाल दुकान से किसी सामान की चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में दुकान का ताला टूटने और हत्या की घटना के बीच क्या संबंध है, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अतिस कुमार, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार भाइयों में सबसे बड़ा था उदयराज
उदयराज चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो भाइयों अभयराज और छविराज यादव की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है। घटना की जानकारी मिलने पर मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका, भाभी अनीता सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने हत्या की वजह और हमलावरों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही बाजार के दुकानदारों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










