जौनपुर। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव, निवासी भेला, थाना सरपतहाँ (जौनपुर) के रूप में हुई है। वह सरपतहाँ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर और अयोध्या समेत कई जनपदों में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 38 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान सत्यम लोना उर्फ लल्लू (23) निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ भी जौनपुर और सुल्तानपुर में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल रिंकू यादव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
जौनपुर में पुलिस मुठभेड़: 38 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर रिंकू यादव पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, साथी भी दबोचा।
🔊 खबर सुनें















