आजमगढ़। थाना सरायमीर पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने, विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने तथा परिवार को धमकी देने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को थाना सरायमीर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री को मो. गुड्डू बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि अभियुक्त ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया तथा विरोध करने पर परिवार को धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0-183/2026 के तहत धारा 69, 137(2), 351(3) बीएनएस, धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट तथा धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर मो. गुड्डू पुत्र असलम, निवासी ग्राम कुरियावां, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विवेचना जारी है।















