आजमगढ़: सीट विवाद की रंजिश में कैफियत एक्सप्रेस पर पथराव, जीआरपी ने 20 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार
आजमगढ़। सीट को लेकर हुई कहासुनी और मारपीट की रंजिश में कैफियत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले 20 वर्षीय युवक को जीआरपी आजमगढ़ ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सरायमीर रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर पत्थर फेंका था, जिससे कोच की खिड़की का शीशा टूट गया और कुछ यात्रियों को चोटें आई थीं।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन ने बताया कि ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक हेमंत कुमार यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन आजमगढ़ के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पश्चिमी छोर से आरोपी शनि कुमार (20) पुत्र राजेश राम, निवासी मंजीरपट्टी, थाना सरायमीर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 30 जून को कैफियत एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट को लेकर कुछ यात्रियों से उसकी कहासुनी और मारपीट हो गई थी। इसी रंजिश में उसने सरायमीर के पास चलती ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कोच की खिड़की का शीशा टूट गया और कुछ यात्रियों को चोटें आईं।
जीआरपी ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि ट्रेनों में पथराव, तोड़फोड़ और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

















