सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
आवाज़ न्यूज़ संवाद
जौनपुर। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील शाहगंज में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास तथा अन्य विभागों से संबंधित मामलों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण करना है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था तथा पुलिस से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों का शीघ्र समाधान हो सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई गई।


















