Home आवाज़ न्यूज़ जौनपुर में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से ठगी, मंगलसूत्र-बालियां उतरवाकर थमाई कागज की...

जौनपुर में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से ठगी, मंगलसूत्र-बालियां उतरवाकर थमाई कागज की गड्डी

0
🔊 खबर सुनें

 जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे पर बुधवार को दिनदहाड़े ठगी का मामला सामने आया। व्यस्त चौराहे पर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को बातचीत में उलझाकर उसके गले से मंगलसूत्र और कान की बालियां उतरवा लीं। इसके बाद महिला को कागज के टुकड़ों की गड्डी लिफाफे में रखकर थमा दी गई।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने खुद को मददगार बताकर महिला से बातचीत शुरू की और उसे अपने विश्वास में ले लिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला के जेवर उतरवा लिए और बदले में लिफाफा थमा दिया। कुछ देर बाद महिला ने जब लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें रुपये की जगह कागज के टुकड़ों की गड्डी थी।

ठगी का एहसास होते ही महिला के होश उड़ गए। महिला ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसके मंगलसूत्र और कान की बालियों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है।

जेसीज चौराहा शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है। दिनदहाड़े हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई। सूचना पर लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
aawaz news india
aawaznews
aawaz news

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleजौनपुर में सपा का बड़ा प्रदर्शन, ‘वोट बचाओ-संविधान बचाओ’ के नारों से गूंजा शहर
Next articleआज का राशिफल 8 अक्टूबर 2026: जाने कैसा रहेगा आज आपका दिन
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।