Aawaz news
यह भी पढ़ें: Jaunpur News: जौनपुर रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 3485 ने आजमाई किस्मत; 1047 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
जौनपुर (सरपतहां): इंडियन ऑयल कंपनी द्वारा जिले के गैरवाह गांव में कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) प्लांट की स्थापना के लिए शुक्रवार को भूमि पूजन किया गया। करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह प्लांट आने वाले दो वर्षों में तैयार होगा और हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएगा।
40 एकड़ भूमि में बनेगा अत्याधुनिक CBG प्लांट
कैप्टन रेवती रमण पांडेय, प्रबंध निदेशक, इंडियन ऑयल, ने भूमि पूजन कर प्लांट निर्माण की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह प्लांट 40 एकड़ क्षेत्रफल में बनेगा और इसमें 115 टन धान की पराली से प्रतिदिन 15 टन CBG गैस का उत्पादन किया जाएगा।
पराली से बनेगी बायो-सीएनजी, प्रदूषण में आएगी कमी
यह गैस वाहनों में ईंधन के रूप में, बिजली उत्पादन और अन्य औद्योगिक कार्यों में उपयोग की जाएगी, जिससे प्रदूषण में भी कमी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल से किसानों को पराली का उचित मूल्य मिलेगा और भूसे से जैविक खाद तैयार की जाएगी, जिससे खेती और आय दोनों में बढ़ोतरी होगी।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, ग्रामीणों में दिखा उत्साह
प्लांट की स्थापना से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इस अवसर पर कंपनी की ओर से एचआर अनुराग राय, विवेक कुमार, एवं स्थानीय ग्राम प्रधान विजय सिंह, अभय सिंह, अभिषेक सिंह ‘पिंकू’, शिवनाथ वर्मा, बाबुल सिंह, अमरेज सिंह, आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में गांववासी मौजूद रहे।


















