परिसीमन विधेयक का विरोध करने के राहुल गांधी की अपील पर डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा है कि तमिलनाडु के हितों और राज्यों के अधिकारों के सवाल पर उनकी पार्टी कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने तमिल इतिहास के दो किरदारों- वीरपांडिया कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन- का ज़िक्र करते हुए कहा कि इतिहास उन्हें ‘प्रतिरोध करने वालों’ के रूप में याद रखेगा, न कि ‘गद्दारों’ के रूप में। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया- ‘पिक्चर अभी बाक़ी है ब्रो’। यह घटनाक्रम तब चल रहा है जब डीएमके और शरद पवार की एनसीपी के समर्थन की घोषणा के बाद परिसीमन बिल का रास्ता साफ़ होने के कयास लगाए जा रहे हैं।परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर डीएमके के रुख में बदलाव कराने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के दूसरे वरिष्ठ नेताओं ने चेन्नई का रुख किया है। इस बीच राहुल गांधी ने एमके स्टालिन को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए उनसे अपील की है कि वे लोकसभा की सीटें बढ़ाने और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करें। उन्होंने स्टालिन को तमिल के ख़िलाफ़ काम करने वालों के ख़िलाफ़ चट्टान की तरह खड़ा होने वाला कहकर तारीफ़ की। इसके जवाब में स्टालिन ने साफ़ संकेत दिया है कि तमिलनाडु के हितों और राज्यों के अधिकारों के सवाल पर उनकी पार्टी पीछे नहीं हटेगी।स्टालिन ने एक्स पर राहुल गांधी का आभार जताते हुए लिखा कि राहुल ने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि डीएमके ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर फैसले किए हैं। स्टालिन ने लिखा, ‘हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में।’
कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का ज़िक्र क्यों?
स्टालिन के बयान में कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का उल्लेख खास राजनीतिक और ऐतिहासिक अर्थ रखता है। वीरपांडिया कट्टाबोम्मन 18वीं सदी के तमिल शासक थे, जिन्होंने ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के सामने झुकने से इनकार किया था। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और 1799 में उन्हें फांसी दे दी गई। तमिलनाडु में कट्टाबोम्मन को औपनिवेशिक सत्ता के खिलाफ प्रतिरोध और साहस के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।इसके विपरीत एट्टप्पन को तमिल लोककथाओं और लोकप्रिय ऐतिहासिक स्मृति में कट्टाबोम्मन के साथ विश्वासघात करने वाले व्यक्ति के रूप में देखा जाता है। इस वजह से तमिल राजनीति में ‘कट्टाबोम्मन’ प्रतिरोध और स्वाभिमान का प्रतीक है, जबकि ‘एट्टप्पन’ का नाम गद्दारी के अर्थ में इस्तेमाल होता है।स्टालिन ने इन दोनों किरदारों का जिक्र करके संकेत दिया है कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के अधिकारों के सवाल पर झुकने के बजाय प्रतिरोध का रास्ता चुनेगी। उनके बयान का एक राजनीतिक संदेश कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं के लिए भी है कि डीएमके अपने फैसले को तमिलनाडु के हितों से जोड़कर देख रही है। स्टालिन का यह बयान तब आया है जब डीएमके ने पहले ही परिसीमन विधेयक को कुछ शर्तों के साथ समर्थन देने का फ़ैसला कर लिया है। हालाँकि स्टालिन के ताजा बयान से यह भी साफ है कि वे इस मुद्दे पर तमिलनाडु के हितों को लेकर अपनी राजनीतिक स्थिति कमजोर नहीं दिखाना चाहते।
राहुल- मिलकर विधेयक को हराना होगा
इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि वे इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। उन्होंने स्टालिन और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की। राहुल ने एक्स पर लिखा कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उनके अनुसार इससे बीजेपी और आरएसएस को देश के पूरे चुनावी नक्शे को अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से बदलने का मौका मिल जाएगा।राहुल की अपील का मकसद साफ है। कांग्रेस चाहती है कि डीएमके परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के अपने फैसले पर दोबारा विचार करे और संसद में विपक्ष के साथ खड़ी हो। लेकिन स्टालिन के जवाब से फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि डीएमके अपना रुख बदलने जा रही है।
डीएमके ने क्या फैसला किया?
डीएमके ने 27 नवंबर को चेन्नई में पार्टी की बैठक के बाद परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया था। पार्टी ने दो प्रमुख शर्तें रखी थीं। पहली शर्त यह है कि लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी सभी राज्यों के लिए समान अनुपात में होनी चाहिए। दूसरी मांग यह है कि राज्यों के बीच सीटों का अनुपात तय करने के लिए 1971 की जनगणना को अगले 25 वर्षों तक आधार बनाया जाए।डीएमके का कहना है कि तमिलनाडु ने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण के लिए लंबे समय तक प्रयास किए हैं। अगर भविष्य में परिसीमन का आधार मौजूदा जनसंख्या को बनाया गया, तो जिन राज्यों की आबादी तेजी से बढ़ी है, उनकी लोकसभा सीटें अधिक बढ़ सकती हैं। इसके उलट दक्षिण भारत के उन राज्यों को नुकसान हो सकता है, जिन्होंने जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण किया है।पार्टी की चिंता है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। डीएमके सांसद ए. राजा ने कहा था कि पार्टी की यह मांग स्वीकार की जा रही है और जरूरत पड़ने पर वह विधेयक में संशोधन भी ला सकती है। डीएमके के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं। ऐसे में उसका समर्थन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।
कांग्रेस, डीएमके के बीच बढ़ी दूरी
परिसीमन पर दोनों दलों के अलग-अलग रुख के पीछे केवल विधेयक के प्रावधान ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु की हालिया राजनीति भी है। विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने डीएमके के बजाय अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन किया था। इससे डीएमके और कांग्रेस के पुराने गठबंधन में तनाव बढ़ा है। डीएमके के एक नेता ने पहले संकेत दिया था कि कांग्रेस अब पार्टी को ऐसा क्या आश्वासन दे सकती है, जिसके बदले वह परिसीमन पर अपना फैसला बदल ले। पार्टी का कहना है कि उसने तमिलनाडु के हितों को ध्यान में रखकर अपना रुख तय किया है।दूसरी ओर, कांग्रेस को आशंका है कि डीएमके के समर्थन से केंद्र सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने में मदद मिल सकती है। कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में ही 33 फीसदी आरक्षण दिया जा सकता है। इसके लिए परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने को अनिवार्य शर्त बनाने की जरूरत नहीं है।
लोकसभा की सीटें 850 करने पर आपत्ति क्या?
केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने के लिए संवैधानिक बदलावों की बात है। सरकार का तर्क है कि लोकसभा की सीटें बढ़ने से महिला आरक्षण को लागू करने के लिए अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। विपक्ष को आशंका है कि सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ होने वाला परिसीमन देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बदल सकता है। जनसंख्या के आधार पर सीटें तय होने पर उत्तर भारत के अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ सकती हैं। इससे दक्षिणी राज्यों की संसद में हिस्सेदारी और राजनीतिक प्रभाव कम होने का खतरा है।कांग्रेस का आरोप है कि महिला आरक्षण को आगे रखकर सरकार परिसीमन के ज़रिए चुनावी नक्शे में बदलाव करना चाहती है। राहुल गांधी ने इसी आशंका को उठाते हुए कहा है कि इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए चुनावी व्यवस्था बदलने का अवसर मिल सकता है। हालाँकि सरकार की ओर से प्रस्तावित सीटों में बढ़ोतरी को सभी राज्यों के लिए समान अनुपात में रखने की बात कही गई है। इसी आधार पर डीएमके ने अपनी शर्तें रखी हैं और विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है।
स्टालिन, विपक्ष के बीच कोई रास्ता निकल पाएगा?
राहुल गांधी की अपील और स्टालिन के जवाब के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चेन्नई में होने वाली मुलाकात से कोई साझा रास्ता निकल सकता है। कांग्रेस चाहती है कि विपक्ष संसद में एकजुट होकर विधेयक का विरोध करे। डीएमके का कहना है कि उसकी मुख्य शर्तें स्वीकार हो चुकी हैं और वह तमिलनाडु के हितों की सुरक्षा के आधार पर अपना फैसला ले चुकी है।स्टालिन ने राहुल गांधी के प्रति आभार जताया है, लेकिन साथ ही यह भी साफ़ कर दिया है कि उनकी पार्टी अपने रास्ते से समझौता नहीं करेगी। कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का जिक्र करके उन्होंने अपने रुख को तमिल स्वाभिमान और प्रतिरोध की राजनीति से जोड़ दिया है।
स्रोत: SatyaHindi – Latest



















