भारतीय लोकतंत्र के सामने इस वक़्त सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि लोकसभा में सीटें कितनी होंगी! सवाल यह है कि मुल्क बनेगा कैसा? सिर्फ लोगों का देश, या राज्यों का संघ?
परिसीमन का संशोधित पैकेज संसद के सामने है! सरकार का दावा है कि यह विन-विन सिचुएशन है! किसी का हिस्सा नहीं घटेगा, सबका बढ़ेगा! महिला आरक्षण भी लागू होगा, दक्षिण की चिंता भी दूर होगी! सुनने में यह जितना सरल और सुंदर लगता है, हकीकत में उतना ही पेचीदा है!
मालूम हो, अप्रैल 2026 में सरकार की पहली कोशिश फेल हो गया थी! संविधान (131वाँ संशोधन) विधेयक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाया! वजह साफ थी, दक्षिण को लगा कि यह उसकी सियासी हत्या है! अगर सिर्फ जनसंख्या को आधार बनाया गया तो तमिलनाडु, केरल, आंध्र, कर्नाटक की हिस्सेदारी कम हो जाएगी और उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश की बढ़ जाएगी! जिस राज्य ने जनसंख्या नियंत्रण में सबसे अच्छा काम किया, उसी को उल्टी सज़ा मिलेगी!
सरकार नया फॉर्मूला
अब सरकार नया फॉर्मूला लेकर आई है! आनुपातिक विस्तार! मतलब सबकी सीटें बढ़ेंगी, लेकिन प्रतिशत वही रहेगा! यह वाजपेयी सरकार के 84वें संशोधन की याद दिलाता है, जब राज्यों के बीच हिस्से को फ्रीज़ करके राज्यों के अंदर सीमाएँ बदलने की इजाज़त दी गई थी!
ऊपर से यह समझौता लगता है! अंदर से यह सत्ता का चुपचाप हस्तांतरण है!
प्रतिशत का झाँसा, संख्या का सच
सियासत प्रतिशत से नहीं, संख्या से चलती है, यानी मेजॉरिटी से! मान लीजिए, आज उत्तर प्रदेश के पास 80 सांसद हैं और तमिलनाडु के पास 39! कल सदन 800 का हो जाता है, तो उत्तर प्रदेश के पास 120 और तमिलनाडु के पास 58 हो जाएँगे! प्रतिशत वही रहा, लेकिन फर्क 41 से बढ़कर 62 हो गया?
यही फर्क़ सरकार बनाने में, गठबंधन तोड़ने-जोड़ने में, संसदीय समितियों पर कब्ज़ा करने में, और दिल्ली से पैसा-योजना खींचने में काम आएगा! दक्षिण का कहना है, हमारा हिस्सा घटा नहीं, लेकिन हमारी हैसियत घट गई? और यह बात ग़लत नहीं है!
महिला आरक्षण: सुधार या ढाल?
इस बिल की सबसे चालक चाल महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना है! महिला आरक्षण का कोई विरोध नहीं कर सकता! यह उसूल के हिसाब से सबको मंज़ूर है! सरकार ने कहा, अगर परिसीमन नहीं हुआ, तो 2029 में महिला आरक्षण लागू नहीं होगा.? मतलब जो परिसीमन का विरोध करेगा, वह महिला-विरोधी कहलाएगा!
यह एक सियासी मास्टरस्ट्रोक है, लेकिन संवैधानिक रूप से सवालिया है! महिला आरक्षण को मौजूदा 543 सीटों वाले सदन में भी लागू किया जा सकता था! इसके लिए सदन को 800 प्लस करने की ज़रूरत नहीं थी! दोनों मुद्दों को जोड़कर सरकार ने महिलाओं को एक तरह से ढाल बना दिया है, ताकि परिसीमन पर तीखे सवाल न पूछे जाएँ!
विपक्ष का यही आरोप है आप महिला सशक्तिकरण के नाम पर परिसीमन का ऐसा फॉर्मूला पास करा रहे हैं, जिस पर अलग से बहस होती तो शायद पास ही नहीं होता!
दक्षिण का डर सिर्फ सीटों का नहीं है!
डीएमके, बीआरएस और अन्य दक्षिणी दलों का डर सिर्फ सीटों का नहीं, इज़्ज़त का है! दक्षिण का तर्क है, हमने जनसंख्या नियंत्रित की, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रति व्यक्ति आय में आगे रहे, टैक्स ज़्यादा दिया! अब क्या इनाम के बजाय सज़ा मिलेगी? तो संघवाद का क्या मतलब रह जाएगा? कल को कोई राज्य क्यों जनसंख्या नियंत्रित करेगा? अगर उसे पता है कि जनसंख्या बढ़ाने वाले राज्य को ही ज़्यादा सांसद मिलेंगे?यह तर्क सिर्फ भावनात्मक नहीं, आर्थिक भी है! दक्षिण पहले से ही कहता है, हम 1 रुपया देते हैं, वापस 30-40 पैसे मिलते हैं! सांसद ज़्यादा होने का मतलब सिर्फ वोट नहीं, दिल्ली में सौदेबाज़ी की ताकत भी है! जिसके सांसद ज़्यादा, उसकी फाइल जल्दी चलती है! इसलिए यह सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं, संसाधनों की लड़ाई भी है!
राज्यसभा की खामोशी सबसे बड़ा सबूत है!
अगर सरकार को सच में संघवाद की चिंता होती, तो वह राज्यसभा को मज़बूत करती! अमेरिका में सीनेट में हर राज्य को बराबर 2 सीटें मिलती हैं, चाहे कैलिफोर्निया हो या छोटा वर्मोंट! भारत में राज्यसभा भी जनसंख्या के हिसाब से ही बँटी है! बड़ी लोकसभा प्लस जनसंख्या-आधारित राज्यसभा = छोटे राज्यों के पास बचने की कोई जगह नहीं!
सरकार ने राज्यसभा को जानबूझकर नहीं छेड़ा! क्योंकि, उसे छेड़ने से उत्तर की ताकत कम होती! यह खामोशी ही इस बिल की असली नीयत बताती है!
2051 तक की रोक: हल नहीं, टालमटोल
सरकार कह रही है 2051 तक इसी फॉर्मूले पर रोक रहेगी! मतलब 25 साल तक कोई झगड़ा नहीं! लेकिन क्या 25 साल में उत्तर-दक्षिण का जनसंख्या अंतर कम होगा? नहीं, और बढ़ेगा?
42वाँ और 84वाँ संशोधन भी इसी तरह के टालमटोल थे! उन्होंने राष्ट्रीय एकता बचाई, लेकिन समस्या हल नहीं की! आज हम उसी रास्ते पर फिर चल रहे हैं?
विशेष सत्र का तरीका ही संदेश है!
मानसून सत्र को बिना सत्रावसान के 100 दिन से ज़्यादा बाद विशेष सत्र बुलाना, और उस पर भी सर्वदलीय बैठक न बुलाना, यह बताता है कि सरकार को सहमति नहीं, संख्या चाहिए!
यह सरकार की पुरानी शैली रही है, पहले फैसला, फिर चर्चा! जब सहमति से फैसला होता है, तो वह टिकता है! जब संख्या से फैसला होता है, तो वह अगले चुनाव तक ही टिकता है!
तो असली हल क्या है?
ना शुद्ध जनसंख्या सही है, ना हमेशा के लिए फ्रीज़ सही है! दुनिया में इसका एक बीच का रास्ता है : ‘ह्रासमान आनुपातिकता (Degressive Proportionality)’। जैसा यूरोपीय संघ में है! बड़े देश को ज़्यादा सीटें मिलती हैं, लेकिन जनसंख्या के अनुपात से थोड़ी कम, ताकि छोटे देश पूरी तरह खत्म न हों!
भारत को भी यही करना होगा, बड़े राज्यों को उनका हक़ मिले, लेकिन छोटे और अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सुरक्षा मिले! साथ में राज्यसभा को असली संघीय सदन बनाना होगा, जहाँ राज्यों की बराबरी हो! और परिसीमन के लिए पारदर्शी मानदंड तय करने होंगे, ताकि कोई शक़ ही न रहे, कि फलाँ फलाँ जाति-बहुल सीट को तोड़ा गया, फलाँ धर्म-बहुल सीट को जोड़ा गया!
जब तक यह नहीं होगा, यह बिल एक स्मार्ट सियासी प्रबंधन तो है, लेकिन स्थायी संवैधानिक हल नहीं?
अंतिम बात
असली सवाल यह नहीं है कि दो-तिहाई बहुमत जुटेगा या नहीं! असली सवाल यह है कि क्या भारत ऐसा फॉर्मूला बना सकता है, जहाँ हर नागरिक का वोट बराबर हो, और हर राज्य का सम्मान भी बराबर हो!
अगर हम सिर्फ जनसंख्या देखेंगे, तो हम लोकतंत्र तो बचा लेंगे, लेकिन संघवाद खो देंगे! अगर हम सिर्फ राज्यों को देखेंगे, तो हम संघवाद तो बचा लेंगे, लेकिन लोकतंत्र का सिद्धांत कमज़ोर होगा!
भारत को दोनों को बचाना है! यही इस बिल की असली परीक्षा है!
स्रोत: SatyaHindi – Latest



















