परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन की एकजुटता की कोशिश को चेन्नई में झटका लगा है। चेन्नई में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं से मुलाकात के बाद भी डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन विधेयक पर अपना रुख नहीं बदला। उन्होंने कहा कि अगर विधेयक गिर जाता है तो तमिलनाडु को मिलने वाली न्यूनतम सुरक्षा भी ख़त्म हो जाएगी। स्टालिन ने कांग्रेस पर सवाल उठाया कि उसने ऐसा कोई दूसरा विकल्प नहीं दिया जिससे तमिलनाडु की लोकसभा में हिस्सेदारी सुरक्षित रह सके।स्टालिन का यह रुख तब सामने आया है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को चेन्नई में स्टालिन से मुलाकात की। नेताओं ने उनसे केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने की अपील की। लेकिन एक घंटे से अधिक चली बैठक के बाद भी स्टालिन ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी अपने फैसले पर कायम है।
विधेयक में चिंताएँ दूर हुईं: स्टालिन
स्टालिन ने कहा कि डीएमके ने शुरुआत से ही तमिलनाडु के हितों और संसद में राज्य के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा को ध्यान में रखकर अपना रुख तय किया है। उनके मुताबिक़ पार्टी की जिन दो प्रमुख मांगों को लेकर चिंता थी, उन्हें संशोधित विधेयक में शामिल कर लिया गया है। ऐसे में अगर यह विधेयक गिरता है तो तमिलनाडु को मिलने वाली सीमित सुरक्षा भी खत्म हो सकती है।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार स्टालिन ने कहा, ‘अगर परिसीमन विधेयक गिर जाता है तो हम तमिलनाडु के लिए उपलब्ध न्यूनतम सुरक्षा भी खो देंगे। हमारे लिए तमिलनाडु सबसे पहले है।’ उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों ने ऐसा कोई विकल्प नहीं दिया है, जिससे राज्य के हितों की रक्षा हो सके। स्टालिन ने आगे कहा, ‘परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली पार्टियों ने कोई विकल्प पेश नहीं किया।’
राहुल गांधी क्या बोले?
बैठक के बाद राहुल गांधी ने इसे सौहार्दपूर्ण मुलाकात बताया, लेकिन कहा कि उन्होंने स्टालिन के सामने परिसीमन को लेकर अपनी पार्टी की चिंताएं विस्तार से रखीं। राहुल ने कहा कि लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने के बाद बीजेपी को देश के चुनाव क्षेत्रों का स्वरूप अपने हिसाब से बदलने का अवसर मिल सकता है। उनके मुताबिक़ यह सिर्फ दक्षिण भारत या तमिलनाडु का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश के लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़ा सवाल है।
राहुल ने कहा कि बीजेपी इस विस्तार का इस्तेमाल चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं बदलने के लिए कर सकती है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां पहले भी परिसीमन के जरिए चुनाव क्षेत्रों के स्वरूप में बदलाव किए गए और अब इसी तरह की प्रक्रिया पूरे देश में लागू करने की कोशिश हो सकती है। राहुल ने कहा,राहुल ने स्टालिन से अपील की कि वे तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए इस विधेयक का विरोध करें। कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने और परिसीमन को अनिवार्य शर्त बनाने की जरूरत नहीं है।
डीएमके की दो मांगें पूरी होने का दावा
डीएमके ने 28 नवंबर को पार्टी की बैठक के बाद परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया था। पार्टी का कहना है कि उसने लंबे समय से दो प्रमुख मांगें उठाई थीं और संशोधित विधेयक में इनका ध्यान रखा गया है। पहली मांग यह है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी मांग यह है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 वर्षों तक बनाए रखा जाए।डीएमके का तर्क है कि तमिलनाडु ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए लंबे समय तक प्रयास किए हैं। अगर परिसीमन में मौजूदा आबादी को ही आधार बनाया गया तो जिन राज्यों की जनसंख्या तेजी से बढ़ी है, उनकी सीटें अधिक बढ़ सकती हैं। इससे दक्षिण भारत के उन राज्यों का संसद में राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है, जिन्होंने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित किया है।पार्टी का कहना है कि संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान है। इससे तमिलनाडु की सीटें भी बढ़ेंगी और उसकी कुल हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी। डीएमके के मुताबिक़ उसकी मांगों को लिखित रूप में शामिल किया गया है, इसलिए अब विधेयक का विरोध करना राज्य के हित में नहीं होगा।
पहले विधेयक में सुरक्षा नहीं थी: स्टालिन
स्टालिन ने पहले के विधेयक और अब लाए जा रहे संशोधित प्रस्ताव के बीच अंतर पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि डीएमके ने अप्रैल में पेश किए गए पुराने विधेयक का विरोध इसलिए किया था क्योंकि उसमें तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की गारंटी नहीं थी। उनके मुताबिक़ पार्टी ने 2024 से लगातार यह मांग उठाई है कि परिसीमन के कारण तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए। अब संशोधित विधेयक में राज्य की हिस्सेदारी और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात बनाए रखने की बात शामिल है।डीएमके इसे अपनी राजनीतिक लड़ाई की सफलता बता रही है। पार्टी का कहना है कि वह परिसीमन की प्रक्रिया के खिलाफ नहीं, बल्कि ऐसी प्रक्रिया के खिलाफ है जिससे तमिलनाडु और दूसरे दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो।
सीटें बढ़ाकर चुनावी नक्शा बदल सकती है बीजेपी: कांग्रेस
कांग्रेस और उसके कई सहयोगी दलों की चिंता परिसीमन के राजनीतिक असर को लेकर है। कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय होंगी। इस प्रक्रिया में केंद्र सरकार को राजनीतिक फायदा पहुंचाने वाले बदलाव किए जा सकते हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि बीजेपी इस मौके का इस्तेमाल अपने पक्ष में चुनावी नक्शा बदलने के लिए कर सकती है। उनका कहना है कि इससे केवल दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व प्रभावित नहीं होगा, बल्कि देश के चुनावी और लोकतांत्रिक संतुलन पर भी असर पड़ेगा।कांग्रेस यह भी कह रही है कि 33 फीसदी महिला आरक्षण को मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में ही लागू किया जा सकता है। इसके लिए सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन को साथ जोड़ने की जरूरत नहीं है। इस तरह कांग्रेस और डीएमके के बीच मतभेद का मुख्य कारण यह है कि दोनों पार्टियां परिसीमन के संभावित खतरे को अलग-अलग तरीके से देख रही हैं। कांग्रेस को आशंका है कि नई व्यवस्था का इस्तेमाल चुनावी क्षेत्रों को राजनीतिक फायदे के हिसाब से बदलने में हो सकता है। डीएमके का मानना है कि संशोधित प्रस्ताव में उसकी प्रमुख शर्तें शामिल होने के बाद तमिलनाडु को सुरक्षा मिल सकती है।
बैठक में ममता बनर्जी भी थीं शामिल
स्टालिन से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के अलावा तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, माकपा महासचिव एमए बेबी और अन्य इंडिया गठबंधन के नेता भी शामिल थे। कांग्रेस के कुछ मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया। यह मुलाकात संसद के विशेष सत्र से ठीक एक दिन पहले हुई। केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। विपक्षी दलों ने संसद में इन विधेयकों का संयुक्त रूप से विरोध करने का फैसला किया है, लेकिन डीएमके और शरद पवार की एनसीपी-एसपी के समर्थन के संकेतों ने गठबंधन के भीतर मतभेद उजागर कर दिए हैं।कांग्रेस की कोशिश थी कि संसद में मतदान से पहले इन दलों को अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए तैयार किया जाए। लेकिन स्टालिन के बयान से साफ है कि चेन्नई की बैठक से डीएमके का रुख नहीं बदला।
इंडिया गठबंधन के सामने एकजुटता की चुनौती
परिसीमन विधेयक पर डीएमके का रुख विपक्षी गठबंधन के लिए चुनौती बन गया है। कांग्रेस चाहती है कि सभी विपक्षी दल एक साथ विधेयक का विरोध करें, जबकि डीएमके का कहना है कि उसके सामने तमिलनाडु के हितों की रक्षा का सवाल सबसे महत्वपूर्ण है। डीएमके के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं। ऐसे में उसका समर्थन विधेयक पर मतदान के दौरान महत्वपूर्ण हो सकता है। शरद पवार की एनसीपी-एसपी ने भी कुछ शर्तों के साथ समर्थन का संकेत दिया है।
स्टालिन ने अपने बयान से यह साफ़ कर दिया है कि वे कांग्रेस के साथ बैठक और राहुल गांधी की अपील के बावजूद अपनी पार्टी के फैसले को बदलने के लिए तैयार नहीं हैं। अब सवाल यह है कि क्या कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल संसद में डीएमके के समर्थन के बिना भी साझा रणनीति बना पाएंगे, या परिसीमन के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के भीतर मतभेद और बढ़ेंगे।
स्रोत: SatyaHindi – Latest



















