जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बच्ची को बहलाकर नदी किनारे झाड़ियों में ले जाने के आरोप में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेजा गांव निवासी सूरज निषाद के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि आरोपी उसे बहलाकर पास स्थित नदी किनारे झाड़ियों की ओर ले गया। बच्ची की तलाश करते हुए परिजन वहां पहुंचे, जहां आरोपी कथित तौर पर बच्ची के साथ मौजूद मिला। परिजनों को देखकर वह मौके से फरार हो गया।
परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर 17 अक्टूबर को थाना जफराबाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 74 और 76 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर आरोपी की तलाश की।
धनेजा पुल के पास से गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जफराबाद पुलिस टीम ने धनेजा पुल के पास घेराबंदी कर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में बक्शा थाने में भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन और थानाध्यक्ष कलम नयन दूबे के नेतृत्व में जफराबाद पुलिस टीम ने की। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
















