जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के गभीरन बाजार में कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कुल 75,500 रुपये बरामद किए गए हैं। इनमें कपड़े की दुकान से चोरी किए गए 10,500 रुपये और देशी शराब के ठेके की बिक्री के 65,000 रुपये शामिल हैं, जिन्हें आरोपी ने कथित तौर पर अपने मालिक से छिपाकर रखा था।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक सत्येन्द्र नारायण सिंह पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर शाहमऊ–पनौली मुख्य मार्ग पहुंचे। वहां से शिवम वर्मा पुत्र विजय बहादुर वर्मा, निवासी ग्राम धमौर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार किया गया।
15/16 अक्टूबर की रात हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को विशाल मौर्य पुत्र वेदप्रकाश मौर्य, निवासी ग्राम बरंगी, थाना खेतासराय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 और 16 अक्टूबर की मध्यरात्रि में गभीरन बाजार स्थित उनकी कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से 15,000 रुपये चोरी कर लिए गए। तहरीर के आधार पर थाना खुटहन में मुकदमा संख्या 348/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस का दावा: चोरी की घटना को दूसरा रूप देने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी शिवम वर्मा ने बताया कि वह गभीरन स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन है। उसने ठेके की बिक्री के 65,000 रुपये कथित तौर पर अपने मालिक से छिपाकर रखे थे। पुलिस का दावा है कि चोरी की घटना का रूप देने के लिए आरोपी ने 16 अक्टूबर की सुबह शराब के ठेके का ताला तोड़ा और संदेह से बचने के लिए पास की कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर वहां से भी रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसने स्थानीय दुकानदारों और डायल-112 को चोरी की सूचना दी, जिसे पुलिस ने जांच में झूठा बताया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कपड़े की दुकान से चोरी किए गए 10,500 रुपये और शराब के ठेके की बिक्री के 65,000 रुपये बरामद करने की जानकारी दी है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए चालान किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कन्नौजिया और आरक्षी सूरज गोंड शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध खुटहन थाने में चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 348/2026 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा संख्या 329/2026 भी दर्ज है।
















