आवाज़ न्यूज़ संवाददाता | जौनपुर
जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग बनाकर दबंगई, मारपीट, धमकी और अराजक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 19 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से गैंग संचालित करने, क्षेत्र में भय का माहौल बनाने, विवाद और मारपीट को बढ़ावा देने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप हैं। सभी के विरुद्ध शांति भंग की आशंका के आधार पर विधिक कार्रवाई की गई है।
सबसे बड़ी कार्रवाई सुरेरी थाना क्षेत्र में हुई, जहां सोशल मीडिया पर सक्रिय समूह बनाकर विवाद और मारपीट करने के आरोप में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं तेजीबाजार पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंग के नाम से रील बनाकर क्षेत्र में प्रभाव और भय पैदा करने के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया।
शाहगंज थाना क्षेत्र में चर्चित यदुवंशी गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग के सरगना समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि यह समूह सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय था और विभिन्न विवादों में शामिल होने की शिकायतें मिल रही थीं।
उधर गौराबादशाहपुर पुलिस ने भी सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय दो अराजक तत्वों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए “ऑपरेशन वज्रपात” आगे भी जारी रहेगा। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, हथियारों का प्रदर्शन, धमकी, मारपीट और अराजक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आवाज़ न्यूज़
सच, समान, निष्पक्ष
www.aavaj.com
www.aawaznews.com
















