
Jaunpur में शादी का झांसा देकर युवक और उसके परिजनों से नगदी, मोबाइल और सामान से भरा बैग लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शाहगंज हाईवे किनारे कमला नेहरू इंटर कॉलेज के पास की बताई जा रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार बांदा निवासी रवि द्विवेदी अपने साले आनंद पांडेय के विवाह के लिए जौनपुर आए थे। उनका दावा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी पहचान एक युवती से हुई थी, जिसने शादी के लिए एक लड़की दिखाने और कोर्ट मैरिज कराने की बात कही थी।
पीड़ित का आरोप है कि 17 अप्रैल को बदलापुर क्षेत्र में लड़की और उसके परिजनों से मुलाकात कराई गई। इसके बाद अगले दिन कोर्ट मैरिज कराने की बात कहकर जौनपुर शहर बुलाया गया, जहां कथित रूप से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।
आरोप है कि इसके बाद लड़की पक्ष की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए 80 हजार रुपये मांगे गए। रुपये देने के बाद युवती ने परिजनों से मिलने की बात कहकर सभी को लाइन बाजार क्षेत्र में शाहगंज हाईवे किनारे एक स्थान पर बुलाया, जहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने कथित रूप से युवक पक्ष को डरा-धमकाकर नगदी, मोबाइल और बैग छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि चौकियां चौकी प्रभारी ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है और कहा है कि उन्हें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






