Home राष्ट्रीय परिसीमन पर उद्धव बोले- ‘मुझे भी ऑफर मिले थे’, शरद पवार से...

परिसीमन पर उद्धव बोले- ‘मुझे भी ऑफर मिले थे’, शरद पवार से अपील- महाराष्ट्र के हित को पहले रखें

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने परिसीमन विधेयक पर शरद पवार की पार्टी के समर्थन के संकेतों के बीच उन पर निशाना साधा है और अपने फ़ैसले पर फिर से विचार करने को कहा है। उद्धव ने कहा कि उन्हें भी फोन और राजनीतिक ऑफर मिले थे, लेकिन उन्होंने राज्य के पक्ष में फ़ैसला लिया। उन्होंने पवार से कहा कि उन्हें भी महाराष्ट्र के हित को सबसे ऊपर रखना चाहिए और दोनों तरफ की राजनीति करने से बचना चाहिए। उद्धव ने विधेयक को महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए नुकसानदेह बताते हुए इसका विरोध किया।उद्धव ठाकरे ने शरद पवार से अपील की है कि वे राजनीतिक समीकरणों से ऊपर उठकर महाराष्ट्र के हितों को प्राथमिकता दें। उन्होंने पवार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दोनों तरफ खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उद्धव ने कहा कि उन्हें शरद पवार से बात करने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इस मुद्दे पर दोहरे रुख से बचना चाहिए। उनका यह बयान तब आया है जब इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता परिसीमन विधेयक पर डीएमके और एनसीपी-एसपी को अपना रुख बदलने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं।

‘महाराष्ट्र, यूपी के बीच सीटों का अंतर बढ़ेगा’

उद्धव ठाकरे ने परिसीमन के संभावित असर को लेकर कहा कि इससे महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों का राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश की लोकसभा में हिस्सेदारी और बढ़ जाएगी।
उन्होंने मौजूदा लोकसभा सीटों और प्रस्तावित बढ़ोतरी का उदाहरण देते हुए कहा कि अभी उत्तर प्रदेश में 80 और महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं। दोनों राज्यों के बीच 32 सीटों का अंतर है। प्रस्तावित 50 फीसदी बढ़ोतरी के हिसाब से उत्तर प्रदेश की सीटें 120 और महाराष्ट्र की 72 हो सकती हैं। इस स्थिति में दोनों राज्यों के बीच अंतर बढ़कर 48 सीटों का हो जाएगा।इसी तरह तमिलनाडु में अभी 39 लोकसभा सीटें हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 80। दोनों के बीच 41 सीटों का अंतर है। प्रस्तावित संख्या के अनुसार तमिलनाडु की सीटें 59 और उत्तर प्रदेश की 120 हो सकती हैं। इस तरह अंतर बढ़कर 61 सीटों तक पहुंच जाएगा। 

परिसीमन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल

उद्धव ठाकरे ने परिसीमन की प्रक्रिया के लिए प्रस्तावित आयोग की संरचना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और आयोग में शामिल किए जाने वाले अन्य सदस्यों की निष्पक्षता पर संदेह जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया पहले से तय राजनीतिक योजना के तहत आगे बढ़ाई जा रही है। उद्धव ने कहा, ‘यह निष्पक्ष कैसे होगा? मोदी और शाह ने इसकी पटकथा लिख दी है। उन्होंने पहले ही तय कर लिया है कि क्या करना है। इसके बाद आयोग के सदस्य आएंगे और सिर्फ हस्ताक्षर कर देंगे।’उद्धव ने दावा किया कि परिसीमन के जरिए लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं कि विपक्ष के परंपरागत मजबूत इलाकों का राजनीतिक प्रभाव कम हो और बीजेपी को फायदा मिले। ये उद्धव ठाकरे के आरोप हैं। केंद्र सरकार की ओर से विधेयक को सभी राज्यों में सीटों की समान अनुपात में बढ़ोतरी और महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया से जोड़कर पेश किया जा रहा है।

स्टालिन से भी बोले- आंखें खोलें

उद्धव ठाकरे ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से भी परिसीमन विधेयक पर दोबारा विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्टालिन को इस प्रस्ताव के संभावित परिणामों को समझना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि तमिलनाडु के लोगों को ऐसा न लगे कि उनके साथ धोखा हुआ है। उद्धव ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां उन लोगों से सवाल करेंगी, जिन्होंने तमिलनाडु के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कमजोर होने दिया। उनका यह बयान डीएमके के उस फैसले के संदर्भ में आया है, जिसमें पार्टी ने कुछ शर्तों के साथ परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया है। डीएमके की प्रमुख मांग है कि लोकसभा की सीटें बढ़ने के बाद भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी बनी रहे। पार्टी ने सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी और 1971 की जनगणना को अगले 25 वर्षों तक आधार बनाए रखने की शर्त रखी है।उद्धव की पार्टी का कहना है कि इन शर्तों के बावजूद प्रस्तावित परिसीमन से राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अंतर बढ़ सकता है। इसलिए केवल सीटों की संख्या बढ़ने को राज्यों के हितों की सुरक्षा नहीं माना जा सकता।

महिला आरक्षण का समर्थन

उद्धव ठाकरे ने साफ किया कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। शिवसेना यूबीटी मौजूदा लोकसभा की 543 सीटों में ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का समर्थन करती है। उन्होंने कहा, ‘हम मौजूदा सीटों पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के समर्थन में हैं। हम महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करते हैं। इसे परिसीमन से अलग रखिए।’ उद्धव का आरोप है कि बीजेपी महिला आरक्षण के मुद्दे का इस्तेमाल परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कर रही है। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण और परिसीमन दो अलग-अलग मुद्दे हैं और इन्हें एक साथ जोड़ने की जरूरत नहीं है।

बीजेपी पर लगाया आरोप

उद्धव ठाकरे ने परिसीमन को लेकर अपनी आशंका समझाने के लिए मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी के वार्डों के पुनर्गठन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 में बीएमसी के वार्डों की सीमाएं बदलते समय उन इलाकों को तोड़ा गया, जहां शिवसेना मजबूत थी। उनका कहना है कि इसी तरह की प्रक्रिया अब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में भी अपनाई जा सकती है। इसके जरिए विपक्षी दलों के मजबूत चुनावी इलाकों को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर उनकी चुनावी ताकत कम की जा सकती है।उद्धव ने यह सवाल भी उठाया कि सांसदों की संख्या बढ़ाने से ही लोगों का प्रतिनिधित्व बेहतर कैसे हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर एक सांसद के लिए 26 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करना मुश्किल माना जा रहा है, तो इसी तर्क को प्रधानमंत्री के पद पर भी लागू किया जा सकता है। उनकी दलील है कि सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय मौजूदा जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों के विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

सांसदों से कहा- ‘खोके’ के लिए समर्थन न दें

उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के सांसदों से भी अपील की कि वे परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के बदले किसी तरह के आर्थिक या राजनीतिक प्रलोभन में न आएं। उन्होंने कहा, ‘आज खोके के लिए मत जाइए, क्योंकि कल वे आपको कूड़ेदान में फेंक देंगे।’ ‘खोके’ शब्द का इस्तेमाल महाराष्ट्र की राजनीति में अक्सर पैसे या कथित खरीद-फरोख्त के आरोपों के संदर्भ में किया जाता है। उद्धव का यह बयान महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी के विभाजन तथा विधायकों-सांसदों के पाला बदलने की राजनीति के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।उन्होंने शरद पवार से कहा कि इस मुद्दे पर फैसला लेते समय उन्हें ज्योतिराव फुले, छत्रपति शाहू महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत और विचारों को ध्यान में रखना चाहिए। उद्धव ने चेतावनी दी कि अगर महाराष्ट्र के हितों के अनुरूप फैसला नहीं लिया गया तो बाद में पछताने के अलावा कुछ नहीं बचेगा।

स्रोत: SatyaHindi – Latest

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleस्टालिन-इंडिया ब्लॉक वार्ता फेल, परिसीमन बिल के समर्थन पर DMK कायम; बोले- कांग्रेस ने विकल्प नहीं दिया
Next articleजौनपुर ब्रेकिंग बहुभोज में खूनी संघर्ष, युवक की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here