Home जौनपुर जौनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों...

जौनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ





बिजली व्यवस्था सुधारने, जल जीवन मिशन में तेजी लाने और सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर जोर
जौनपुर।प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा जर्जर तारों और विद्युत खंभों को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने और किसानों की सिंचाई जरूरतों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने को कहा। पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को भी स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने और प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। जल निगम की परियोजनाओं के चलते खोदी गई सड़कों को भी शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने को कहा।
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। धान खरीद केंद्रों पर पर्याप्त बोरे और किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नहरों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार टेल तक पानी पहुंचाने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डेंगू प्रभावित मरीजों की जानकारी लेते हुए जिला चिकित्सालय, सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सकों, दवाओं एवं बेहतर उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। समाज कल्याण सहित अन्य विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाए और क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
बैठक में विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आरके पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

स्रोत: Hind ki Awaaz

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleकार्तिगई दीपम जलाः धार्मिक परंपरा से आगे, तमिलनाडु में बीजेपी के साम्प्रदायिक एजेंडे का सवाल
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here