जौनपुर (खुटहन): थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भटपुरा में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय निवासी राजेश कुमार बिन्द (मुन्ना) के घर के अंदर एक अजगर सांप दिखाई दिया। रात के सन्नाटे में घर के भीतर रेंगते हुए अजगर पर जैसे ही परिजनों की नजर पड़ी, पूरे परिवार में दहशत फैल गई और लोग घबराकर घर से बाहर निकल आए।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों के बीच सांप को लेकर काफी डर का माहौल बन गया , स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद युवा सौरभ बिन्द ने बिना घबराए साहस का परिचय दिया। उन्होंने बेहद सावधानी और सूझबूझ दिखाते हुए अजगर को उसके सिर के पास से सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान अजगर ने सौरभ के हाथ पर अपनी मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश की और पूरी तरह लिपट गया, लेकिन सौरभ ने धैर्य बनाए रखा। घर के अन्दर से अजगर को सफलतापूर्वक बाहर निकालने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद सौरभ बिन्द ने बिना किसी नुकसान के अजगर को गांव से दूर एक सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। ग्रामीणों ने सौरभ की इस बहादुरी और वन्यजीव संरक्षण की भावना की जमकर सराहना की है।
भटपुरा गांव में रात के अंधेरे में घर में घुसा अजगर, सौरभ बिन्द ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ














