Home जौनपुर *विद्यालय की संपत्ति हड़पने और 70 लाख से अधिक के गबन का...

*विद्यालय की संपत्ति हड़पने और 70 लाख से अधिक के गबन का आरोप, पूर्व बीएसए समेत पांच पर मुकदमे का आदेश*

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

*#जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय अर्गूपुर कला का मामला, सीजेएम कोर्ट ने शाहगंज कोतवाल को प्राथमिकी दर्ज करने का दिया निर्देश*
शाहगंज, जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय अर्गूपुर कला की संपत्ति हड़पने और विद्यालय के 70 लाख रुपये से अधिक के धन के कथित गबन के मामले में जिले के पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. गोरखनाथ पटेल समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए शाहगंज कोतवाली पुलिस को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।
अदालत में दाखिल प्रार्थना पत्र में तत्कालीन बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार सिंह, यूनियन बैंक की बीबीगंज शाखा के प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव, विद्यालय के लिपिक जयप्रकाश यादव और जितेंद्र बहादुर सिंह को आरोपित किया गया है। विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह का आरोप है कि संबंधित लोगों ने आपसी मिलीभगत से धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से विद्यालय की संपत्ति पर कब्जा करने तथा विद्यालय की धनराशि का दुरुपयोग करने की साजिश रची।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, विद्यालय की संपत्ति के साथ ही मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना की धनराशि और अन्य मदों में प्राप्त रकम के गबन का भी आरोप लगाया गया है। वादी ने कुल 70 लाख रुपये से अधिक की धनराशि के गबन का दावा किया है। इसमें बैंक शाखा प्रबंधक की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा प्रबंधक ने आरोप लगाया है कि मामले के संबंध में पूछताछ करने पर कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह के अनुसार, उन्होंने दिसंबर 2024 में मामले की शिकायत निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिलाधिकारी, शाहगंज कोतवाली, शिक्षा विभाग के महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
मामले में 10 दिसंबर 2025 को मजिस्ट्रेट अदालत ने प्रबंधक का प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया था। इस आदेश के खिलाफ वादी ने सेशन कोर्ट में फौजदारी निगरानी याचिका दाखिल की। दो सितंबर 2026 को सेशन कोर्ट ने मजिस्ट्रेट अदालत के पूर्व आदेश को निरस्त करते हुए प्रकरण की दोबारा सुनवाई कर नया आदेश पारित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद सीजेएम अदालत ने प्रार्थना पत्र पर पुनः सुनवाई करते हुए शाहगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
अदालत के निर्देश के बाद अब शाहगंज पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना करनी है। जांच के दौरान विद्यालय की संपत्ति से जुड़े अभिलेखों, कथित कूटरचित दस्तावेजों, एमडीएम योजना की धनराशि और बैंक खातों के लेनदेन की पड़ताल की जाएगी।

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleचन्दन जायसवाल की खबर — 29 Nov 2026
Next articleखुटहन में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन, करीब 100 लोगों ने कराई जांच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here