जौनपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील सदर जौनपुर शाखा ने अपनी लंबित मांगों के समाधान को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। संघ ने उपजिलाधिकारी सदर को पत्र भेजकर प्रस्तावित आंदोलन और कार्य बहिष्कार की पूर्व सूचना दी है।
तहसील मंत्री संजीत कुमार सिंह की ओर से 3 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शासन और राजस्व परिषद स्तर पर लंबित मांगों के समाधान के लिए लगातार अनुरोध किया जा रहा है। संघ के अनुसार अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर 22 सितंबर से अतिरिक्त हल्कों के कार्य का बहिष्कार किया जा रहा है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को सम्पूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा।
संघ ने 8 अक्टूबर से आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र, वरासत, फार्मर रजिस्ट्री सहित ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार की घोषणा की है। 10 अक्टूबर को थाना समाधान दिवस के दौरान लेखपाल काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे।
इसके अलावा 12 अक्टूबर को तहसील मुख्यालय पर रक्तदान शिविर और 14 अक्टूबर को मोटरसाइकिल रैली निकालकर ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
आंदोलन के अगले चरण में 17 से 23 अक्टूबर तक तहसील मुख्यालय पर पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन संपूर्ण कार्य बहिष्कार और जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
संघ ने कहा है कि आंदोलन के माध्यम से लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा















