Home आवाज़ न्यूज़ निक्की हत्याकांड: दहेज प्रताड़ना में ससुर की चौथी गिरफ्तारी, जेठ रोहित को...

निक्की हत्याकांड: दहेज प्रताड़ना में ससुर की चौथी गिरफ्तारी, जेठ रोहित को सिरसा चौराहे से पकड़ा

0

ग्रेटर नोएडा के थाना कासना इलाके में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता निक्की की क्रूर हत्या के मामले में पुलिस ने चौथी गिरफ्तारी कर ली है। सोमवार को पहले जेठ रोहित भाटी को सिरसा टोल चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया, उसके कुछ समय बाद ससुर सत्यवीर (55) को भी गोपनीय सूचना के आधार पर सिरसा चौराहे से पकड़ लिया गया।

रविवार को पति विपिन भाटी और सास दया को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। सास दया को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश डीजीपी को पत्र लिखा है, जिसमें सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट, निष्पक्ष जांच और पीड़िता के परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पति विपिन को मुठभेड़ में लगी गोली, मां दया भी गिरफ्तार
रविवार को पत्नी निक्की को जिंदा जलाने के आरोपी पति विपिन भाटी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। कासना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए विपिन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर ज्वलनशील पदार्थ (थिनर) बरामद करने के लिए पुलिस उसे सिरसा गांव ले गई। दोपहर करीब 12 बजे एक खेत पर पहुंचते ही आरोपी ने जिम्स चौकी इंचार्ज दरोगा वरुण की पिस्तौल छीनकर दो गोलियां दागीं और भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विपिन के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। घायल आरोपी को राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया गया। मौके से ज्वलनशील पदार्थ की छोटी बोतल और छीनी गई पिस्तौल बरामद हुई। अदालत ने विपिन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसी दौरान घायल बेटे को देखने पहुंची मां दया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी विपिन ने अस्पताल में कोई पछतावा न होने का दावा किया। डाढ़ा अस्पताल में उसने कहा कि उसे पत्नी की मौत का कोई अफसोस नहीं है और उसने निक्की को नहीं मारा, वह खुद मर गई। उसने तर्क दिया कि पति-पत्नी में झगड़े आम बात हैं।

दहेज की 35 लाख की मांग, निक्की को जिंदा जला दिया
दादरी थाना इलाके के रूपवास गांव निवासी भिकारी सिंह की बेटी निक्की (27) की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के विपिन भाटी से हुई थी। निक्की की बड़ी बहन कंचन (29) की शादी विपिन के भाई रोहित से हुई। शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दिया गया था, लेकिन उसके बाद से ससुराल पक्ष ने 35 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने एक बुलेट बाइक भी दे दी, लेकिन प्रताड़ना रुकी नहीं। पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सत्यवीर ने दोनों बहनों के साथ लगातार मारपीट की। कई बार पंचायतों में समझौते हुए, लेकिन आरोपी नहीं माने।

मृतका निक्की की बहन कंचन ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार शाम करीब 5:30 बजे सास दया और देवर विपिन ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। दया ने ज्वलनशील पदार्थ लिया और विपिन को पकड़ा दिया, जिसे उसने निक्की पर डाल दिया। साथ ही उसके गले पर हमला कर बर्बरता से पीटा। निक्की बेहोश हो गई, फिर आरोपियों ने उसे जिंदा जला दिया। कंचन ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट हुई। इस दौरान कंचन ने आरोपियों द्वारा मारपीट और आग लगाते हुए वीडियो बना लिया। आनन-फानन में निक्की को पहले फोर्टिस अस्पताल, फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय कंचन का पति रोहित और ससुर सत्यवीर भी मौजूद थे। कंचन की शिकायत पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। अब तक सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

यह दिल दहलाने वाली घटना उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के सिरसा गांव में हुई, जहां दहेज की मांग पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता को पीट-पीटकर और ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। पड़ोसियों की मदद से बहन ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वह बच नहीं सकी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

The post निक्की हत्याकांड: दहेज प्रताड़ना में ससुर की चौथी गिरफ्तारी, जेठ रोहित को सिरसा चौराहे से पकड़ा appeared first on Live Today | Hindi News Channel.

Previous articleबीसीसीआई-ड्रीम11 करार टूटा: ‘भविष्य में ऐसी संस्था से नहीं जुड़ेंगे’, बोर्ड ने की पुष्टि
Next articleयूपी: बुलंदशहर में ट्रक-ट्रैक्टर की टक्कर में 8 की मौत, 45 घायल