राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने एक व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 10 अक्तूबर को शहर के 30 से अधिक प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रहने की संभावना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह 6 बजे से ही जरूरत और जमीनी हालात के आधार पर विभिन्न चौराहों व मार्गों पर डायवर्जन लागू किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के सुगम संचालन को बनाए रखने के लिए मौके की गंभीरता के अनुसार ट्रैफिक रूट में तात्कालिक बदलाव भी किए जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, मध्य दिल्ली और नई दिल्ली क्षेत्र से जुड़े कई अहम हिस्सों में वाहनों की रफ्तार थम सकती है। शंकर रोड-वंदे मातरम ‘टी’ प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां रोड, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड और कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल पर भारी दबाव देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा लोदी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल राउंड अबाउट तथा सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग जैसे व्यस्त इलाकों में भी सामान्य यातायात बाधित रहने के पूरे आसार हैं।
इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर कई अन्य प्रमुख केंद्रों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा और आवागमन को नियंत्रित रखा जाएगा। इनमें भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग, अशोका रोड-जंतर मंतर रोड, विंडसर पैलेस, टॉल्स्टॉय-जनपथ क्रॉसिंग, रेल भवन, जय सिंह रोड-संसद मार्ग, गोल डाकखाना, पटेल चौक और आरएमएल (राम मनोहर लोहिया) अस्पताल के आसपास के मार्ग शामिल हैं। इन संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक या उन्हें वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जा सकता है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने आम जनता और दैनिक यात्रियों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही नई दिल्ली और मध्य दिल्ली की ओर यात्रा की योजना बनाएं। यदि किसी यात्री को इन क्षेत्रों से होकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचना है, तो वे संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर ही घर से निकलें। नागरिकों को नवीनतम ट्रैफिक अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और वेबसाइट पर नजर बनाए रखने अथवा ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
The post दिल्ली में प्रदर्शन के चलते ट्रैफिक अलर्ट: 30 से अधिक प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देखें पूरी एडवाइजरी appeared first on Live Today | लाइव टुडे.






