जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उटरुकला गांव में राजा ढाबा के पास रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पीथापुर गौरमाफी निवासी भारत लाल के 27 वर्षीय पुत्र महेन्द्र कुमार गौतम अपनी रिश्ते की चाची मनीता देवी पत्नी राजेश गौतम के साथ बाइक से नौपेड़वा की ओर जा रहे थे। दोनों एक रिश्तेदार की मौत की सूचना मिलने के बाद वहां जा रहे थे।
बताया गया कि राजा ढाबा के पास आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने अचानक वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। दुर्घटना में महेन्द्र कुमार गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलने पर बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीता देवी को नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है
















