गोरखपुर। समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर में बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए जिला और महानगर स्तर की पार्टी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी कार्यालय-ज्ञाप में गोरखपुर के जिलाध्यक्ष समेत जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष एवं महानगर कार्यकारिणी के साथ विभिन्न फ्रंटल संगठनों की जिला/महानगर कार्यकारिणियों को भी भंग किए जाने की जानकारी दी गई है।
कार्यालय-ज्ञाप के अनुसार यह निर्णय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से लिया गया है। इसके तहत गोरखपुर की समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों की संबंधित कार्यकारिणियों के पदाधिकारी और सदस्य भी तत्काल प्रभाव से अपने पद से मुक्त माने जाएंगे।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में आगे की संगठनात्मक व्यवस्था को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया गया है। हालांकि नए जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष या नई कार्यकारिणी को लेकर इस पत्र में कोई घोषणा नहीं की गई है।
कार्यालय-ज्ञाप की प्रतिलिपि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, गोरखपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, पूर्व महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों तथा गोरखपुर के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं प्रमुख नेताओं को भी भेजी गई है।
पार्टी के इस फैसले के बाद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। नई जिम्मेदारियों को लेकर पार्टी की ओर से आगामी दिनों में निर्णय लिया जा सकता है।











