🔊 खबर सुनें
जौनपुर।लायन्स क्लब द्वारा बुधवार को हुसैनाबाद स्थित 98 बटालियन यूपी एनसीसी परिसर में “एक राखी सैनिक भाइयों के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लायन्स लेडी बहनों ने सैनिकों को तिलक लगाकर कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और केक काटा। सरहद पर तैनात जवानों के लिए भी राखी भेजी गई। संस्थाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने स्वागत किया। लीनेस अध्यक्ष पूजा त्रिपाठी ने कहा कि जवानों की कलाई पर राखी बांधते हुए मन गर्व से भर उठा। फर्स्ट लायन लेडी संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि यह राष्ट्र के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। ज्योति कपूर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से मन को शांति मिलती है।
जवानों ने कहा कि त्योहार पर परिवार से दूर होने के बावजूद राखी बंधने से अपनापन लगा। उन्होंने रक्षा का वचन दिया। संचालन चीफ सेक्रेट्री सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने किया। इस मौके पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आलोक सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल नागेंद्र सिंह राठौर, सूबेदार मेजर कृष्ण पाल सिंह सहित सचिव रितेश साहू, कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र मौर्य और अन्य मौजूद रहे।

















