Home आवाज़ न्यूज़ Jaunpur News जौनपुर में पोषण अभियान की समीक्षा, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र 15...

Jaunpur News जौनपुर में पोषण अभियान की समीक्षा, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र 15 दिन में पूरे करने के निर्देश

0
1001644627
🔊 खबर सुनें

 

जौनपुर। जिले में बच्चों और महिलाओं से जुड़ी पोषण योजनाओं की प्रगति को लेकर रविवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं जिला कन्वर्जेन्स कमेटी की बैठक हुई। बैठक में संभव अभियान-6.0 के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, पोषण ट्रैकर, खाद्यान्न वितरण, गृह भ्रमण, टीकाकरण, बच्चों के वजन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण अगले 15 दिनों में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पहले से बने केंद्रों में जरूरत के अनुसार कायाकल्प के तहत मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य कराने को भी कहा।

संभव अभियान के तहत गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ऐसे बच्चों के घर नियमित गृह भ्रमण करने तथा आशा एवं एएनएम को ई-कवच पोर्टल पर फॉलोअप सहित संबंधित सूचनाओं की फीडिंग 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। बीडीओ और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को भी गृह भ्रमण की निगरानी करने को कहा गया।

बैठक में विकासखंड बक्शा में संभव अभियान की धीमी प्रगति का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी बक्शा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, पोषण पुनर्वास केंद्र में केराकत परियोजना से पिछले माह एक भी बच्चे के भर्ती नहीं होने पर वहां के बाल विकास परियोजना अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार की आपूर्ति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि छह परियोजनाओं में आपूर्ति पूरी हो चुकी है, जबकि सात परियोजनाओं में चयनित संस्था के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर आपूर्ति जल्द पूरी कराने और नियमों के अनुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। खराब प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
aawaz news india
aawaznews
aawaz news

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleजौनपुर: सोशल मीडिया की सनक में जान जोखिम में डाल रहे रीलबाजी, गोमती में युवकों का खतरनाक स्टंट वायरल,
Next articleJaunpur News नहर में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, घर और ननिहाल में मचा कोहराम
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।