✍️ नागेंद्र माली आवाज न्यूज़
*05 लाख झंडे तैयार करने का लक्ष्य, 300 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं जुटीं सिलाई में*
*जौनपुर।* हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तिरंगा झंडों की सिलाई में दिन-रात जुटी हैं। जिले में निर्धारित पांच लाख तिरंगों की सिलाई के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक चार लाख से अधिक झंडे तैयार किए जा चुके हैं।
अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तिरंगा सिलाई का जिम्मा दिया गया है। इसी क्रम में उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला मिशन प्रबंधक ने धर्मापुर, मुफ्तीगंज और केराकत विकासखंडों में संचालित तिरंगा सिलाई केंद्रों का निरीक्षण किया।
धर्मापुर में वैष्णवी महिला स्वयं सहायता समूह दशरथपुर और उत्कर्ष महिला स्वयं सहायता समूह धर्मापुर की महिलाएं तिरंगे तैयार करती मिलीं। वहीं मुफ्तीगंज में यमुना आजीविका स्वयं सहायता समूह निशान और पयहारी बाबा महिला स्वयं सहायता समूह कुंडी की महिलाएं सिलाई कार्य में जुटी रहीं।
300 समूहों की महिलाएं कर रहीं काम
जिले के विभिन्न विकासखंडों में करीब 300 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तिरंगा तैयार करने में योगदान दे रही हैं। अभियान के जरिए जहां देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जा रहा है, वहीं ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर भी मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तिरंगों की सिलाई का कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य विभाग भी अपनी जरूरत के अनुसार आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से तिरंगों की सिलाई करा सकते हैं। इससे अभियान को और गति मिलेगी तथा ग्रामीण महिलाओं की आजीविका भी मजबूत होगी।
















